प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली को 33,500 करोड़ की सौगात दी है. पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है. इसके साथ ही उन्होंने सरोजिनी नगर स्थित GPRA टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा करते हुए महिला आवंटियों को चाबियां सौंपीं.
पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया. इनमें लगभग 12.3 किलोमीटर का मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किलोमीटर का दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल है. इसकी लागत 18,300 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
दिल्ली मेट्रो की नई कनेक्टिविटी से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क समेत कई इलाकों को फायदा होगा.
'अब रोज का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान...'
दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज जो मेट्रो का नया सेक्शन शुरू हुआ है, उससे राजधानी के लाखों लोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिलने वाली है. खासतौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए अब रोज का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा.
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली का विकास सिर्फ एक शहर का विकास नहीं होता, बल्कि ये पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है.
दिल्ली मेट्रो के चरण 5-A का विस्तार
पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो के चरण 5-A के विस्तार के तहत 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी. इन तीन नए कॉरिडोर में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज शामिल हैं.
ये विस्तार राष्ट्रीय राजधानी के कई अहम स्थानों को आपस में जोड़ने का काम करेगा, जिससे नोएडा, साउथ दिल्ली और एयरपोर्ट के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी.
'कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी और...'
पीएम मोदी ने इन परियोजनाओं को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हम एक आधुनिक और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं. आज शुरू की गई परियोजनाएं बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी और शहर के लोगों की जिंदगी को आसान बनाएंगी.'
aajtak.in