पत्नी को 2 करोड़ मुआवजा और नौकरी पर सहमति, झोटा हत्याकांड में पंजाब सरकार ने मानीं इंसाफ कमेटी की मांग

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर पंजाब सरकार और इंसाफ कमेटी के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ है. 6 नवंबर को झोटा का पोस्टमार्टम होगा और उसके बाद अंतिम संस्कार.

Advertisement
परविंदर सिंह झोटा के परिवार की सुरक्षा में तैनात होंगे CRPF जवान (फोटो-ITG) परविंदर सिंह झोटा के परिवार की सुरक्षा में तैनात होंगे CRPF जवान (फोटो-ITG)

कमलजीत संधू

  • मानसा,
  • 04 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:54 PM IST

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर इंसाफ कमेटी और पंजाब सरकार के बीच सहमति बन गई है. दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के तहत 6 नवंबर को परविंदर सिंह झोटा का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. समझौते के मुताबिक, पंजाब सरकार की ओर से परविंदर सिंह झोटा की पत्नी को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी और 2 करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे.

Advertisement

मानसा में बनेगा ट्रॉमा सेंटर

इसके अलावा परविंदर सिंह झोटा के पिता और एंटी ड्रग टास्क फोर्स की टीम के सदस्यों के खिलाफ दर्ज किए गए मामले रद्द किए जाएंगे. पंजाब भर में फ्लेक्स फाड़ने के मामलों को भी रद्द करने पर सहमति बनी है. वहीं, लुधियाना में प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वाले युवक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा. सरकार की ओर से मानसा में परविंदर सिंह झोटा का स्मारक स्थापित किया जाएगा. इसके अलावा उनके नाम पर मानसा जिले के गांव ख्याला में ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा, जिसे सरकार की ओर से जल्द मंजूरी दी जाएगी.

समझौते की एक अन्य अहम शर्त के मुताबिक, परविंदर सिंह झोटा के पोस्टमार्टम से पहले लक्खा सिधाना और मोहनीत शेरों को रिहा किया जाएगा. वहीं, 5 नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के संगरूर स्थित आवास का घेराव करने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. इसके अलावा गांव भंमे कलां के मृतक दलजीत सिंह की पत्नी को मंसा के डीसी कार्यालय में नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजा देने पर भी सहमति बनी है.

Advertisement

13 अक्टूबर को हुई थी परविंदर झोटा की हत्या

बता दें कि पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की 13 अक्टूबर की सुबह गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. झोटा लंबे समय से पंजाब में नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चला रहे थे. घटना के दिन वह मानसा में एक मेडिकल स्टोर संचालक से नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर सवाल कर रहे थे और फेसबुक पर लाइव थे.

इसी दौरान विवाद बढ़ने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने कथित तौर पर गोली चला दी. झोटा को तीन गोलियां लगीं और उनकी मौत हो गई. घटना में उनके चार साथी भी घायल हुए थे. पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को 14 अक्टूबर को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया था. हत्याकांड के बाद पंजाब में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. परिवार और इंसाफ कमेटी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की.

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20 अक्टूबर को मामले की सीबीआई जांच कराने की घोषणा की थी. हालांकि, विभिन्न मांगों को लेकर गतिरोध बना रहा. अब 4 नवंबर को पंजाब सरकार और इंसाफ कमेटी के बीच समझौता हुआ है, जिसके तहत 6 नवंबर को पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »