पंजाब में देर रात लुधियाना की एक फैक्ट्री में चल रहे काम के दौरान जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया. जिससे फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए और तकरीबन 7 से 8 लोग बेहोश हो गए. जिन्हें फैक्ट्री संचालक ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह तड़के उनमें से तीन लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं.
मरने वालों की पहचान गैस पुरा निवासी मान सिंह और उनके बेटे अमित के रूप में हुई है. जबकि एक मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है. जानकारी के मुताबिक लुधियाना के गैसपुरा इलाके के गगन नगर में टूल बनाने की एक फैक्ट्री है. रविवार रात को उक्त फैक्ट्री में काम करने के लिए मजदूर पहुंचे. देर रात को फैक्ट्री के अंदर जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया. जिसके कारण वहां काम करने वाले मजदूर उसकी चपेट में आ गए.
बिना परिजनों को बताए ही मालिक ने अस्पताल में कराया था भर्ती
मृतक मान सिंह की बेटी रेनू ने बताया कि उनके पिता को देर रात को फैक्ट्री में जबरन काम करने के लिए बुलाया गया था. उन्होंने बताया कि जब गैस का रिसाव हुआ, तब फैक्ट्री संचालक खुद ही सभी घायलों को अस्पताल ले गए. जबकि परिवार के किसी भी सदस्य को सूचना नहीं दी गई.
वहीं सुबह जब उसके पिता घर वापस नहीं लौटे तो फैक्ट्री जाकर देखा. इस दौरान पता चला कि गैस रिसाव के कारण कुछ मजदूर बेहोश हो गए हैं जिनको अस्पताल पहुंचाया गया है. रेनू ने बताया कि जब वह अस्पताल पहुंची तो उसको पता चला कि उसके पिता मान सिंह और अमित की मौत हो चुकी है. मामले में अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
हादसे पर सांसद अमरिंदर सिंह राजा ने जताया दुख
हादसे पर सांसद अमरिंदर सिंह राजा ने दुख जताया. एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि लुधियाना में हुई गैस लीक की दुखद घटना से मैं बहुत आहत हूं, जिसमें तीन मज़दूरों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से बीमार पड़ गए. त्रासदी एक अत्यंत कष्टदायक घटना होती है, जो भारी पीड़ा, क्षति या विनाश का कारण बनती है.
शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ. ईश्वर उन्हें इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को शांति मिले. जो लोग अस्पताल में भर्ती हैं, वे शीघ्र स्वस्थ होकर सुरक्षित अपने प्रियजनों के पास लौटें.
विवेक ढल