पंजाब और चंडीगढ़ के कई बड़े स्कूलों, यूनिवर्सिटी और सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सोमवार सुबह मिले ई-मेल में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के गांधी भवन, सचिवालय और मेयर कार्यालय के साथ-साथ जालंधर के नामी स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है.
जांच अधिकारियों के मुताबिक, इस ई-मेल में वैसी ही शब्दावली का इस्तेमाल किया गया है, जैसी पिछली बार मिली धमकियों में किया गया था. बम धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंच गई हैं और स्कूल की इमारतों की जांच की जा रही है.
जालंधर में भी एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ई-मेल में DPS, मेयर वर्ल्ड स्कूल और MGN स्कूल का नाम लिया गया है. ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया.
ई-मेल में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल
इन ई-मेल में बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है. ई-मेल में लिखा गया है, 'अपने बच्चों को बचाओ. खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं, हिंदू-स्तान मोदी सरकार को तबाह करेंगे.' इसके साथ ही, ई-मेल में 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है.
बॉम्ब ब्लास्ट की धमकियों पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, 'ये अफवाहें जो चल रही है उसमें मामले को हम नाजुकता से मामले को ले रहे हैं. चंडीगढ़ घटना के बाद जो आरोपी थे वो पकड़ लिए थे.'
बता दें कि इससे पहले भी पंजाब और चंडीगढ़ के साथ-साथ दिल्ली के बड़े स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. पटना कोर्ट और महाराष्ट्र विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र विधान भवन को मिली बम की धमकी, बजट सत्र के बीच खाली कराई गई बिल्डिंग
हाल ही में मेरठ में कचहरी को भी ईमेल के जरिए ऐसी ही धमकी दी गई थी. जिला जज की आधिकारिक वेबसाइट पर एक संदिग्ध ईमेल आया था, जिसमें दावा किया गया कि दोपहर में अदालत परिसर में बम धमाके किए जाएंगे. हालांकि, बाद में ये धमकियां खोखली निकलीं.
कमलजीत संधू