पंजाब के अमृतसर में एक्टिवा साइड करने को लेकर दो पक्षों को लेकर विवाद हो गया. इसमें 28 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक का नाम अमित सभरवाल है. परिजनों का आरोप है कि रास्ता देने की बात पर हुए विवाद के बाद तीन लोगों ने अमित पर गोलियां चलाईं. मामला अमृतसर के थाना गेट हकीमा इलाके का है. पुलिस ने अभि शाह, सनी शाह और दिती शाह के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है. अब पुलिस तीनों की तलाश कर रही है.
परिजनों का आरोप है कि अमित सभरवाल अपने घर के बाहर खड़ा था. तभी अभि शाह और उसके साथ आए लोग एक्टिवा से वहां पहुंचे. उन्होंने अमित से एक्टिवा साइड में करने और रास्ता देने को कहा. अमित एक्टिवा हटाने जा रहा था. इसके बावजूद विवाद बढ़ गया. परिवार का आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने अमित पर गोलियां चला दीं.
परिवार के मुताबिक, करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई. एक गोली अमित के सिर में लगी और उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. फिलहाल, विवाद किस बात पर और कैसे बढ़ा, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ हो सकेगी.
पिता के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ केस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. थाना गेट हकीमा के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह के मुताबिक, अमित के पिता सुनील कुमार सभरवाल के बयान के आधार पर अभि शाह, सनी शाह और दिती शाह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके. अमित की हत्या के बाद परिवार ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. फिलहाल, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है. पुलिस तलाश में जुटी है.
अमित शर्मा