विपक्ष के इंडिया गठबंधन की बैठक और लंच के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने साफ किया कि विपक्ष के सांसद अब जंतर-मंतर पर जाकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे. राहुल गांधी ने कहा कि वे किसी भी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और लोकतंत्र को बचाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की और आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के जरिए देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. राहुल गांधी ने खुद पर दर्ज होने वाली एफआईआर को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वे चाहते हैं कि उनके ऊपर और भी एफआईआर दर्ज हों, क्योंकि वे हर एफआईआर को अपने लिए एक मेडल की तरह मानते हैं.