TMC के बागी सांसदों से मिलने के बाद CM शुभेंदु ने दिखाया विक्ट्री साइन

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने TMC के बागी सांसदों से 24 घंटे में दूसरी मुलाकात की है. इसके बाद उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया है. इस बीच बागी सांसदों की लीडर काकोली घोष ने कहा है कि उन्होंने NDA को सपोर्ट करने का फैसला किया है. इसके अलावा में TMC का ये गुट लोकसभा में अपनी मूल पार्टी से अलग बैठेंगे.

Advertisement
ममता के 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होने की घोषणा की है. (Photo: ITG) ममता के 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होने की घोषणा की है. (Photo: ITG)

तृणमूल कांग्रेस की राजनीति में हलचल मची हुई है. रिपोर्ट के अनुसार अब दिल्ली में भी टीएमसी में बड़ी टूट की आशंका है. टीएमसी  तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसद अलग गुट बनाएंगे. ये 20 सांसद तृणमूल कांग्रेस से जल्द अलग होंगे. इस बाबत सोमवार दिल्ली में अहम गतिविधियां हुईं. इन सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखकर लोकसभा में बैठने के लिए अलग जगह व्यवस्था करने की मांग की है. 

Advertisement

लोकसभा में टीएमसी के 28 सांसद हैं. पार्टी में टूट के लिए कम से कम दो तिहाई सांसदों की जरूरत है. ये संख्या 19 होती है. इस बीच टीएमसी के बागी गुट ने 20 सांसदों के अपने साथ होने का दावा किया है. 

इन बागी सांसदों का कहना है कि लोकसभा में वे अपने नेता के रूप में अभिषेक बनर्जी को नहीं बल्कि काकोली घोष को चाहते हैं. 

Live updates:

20.25 PM: शुभेंदु अधिकारी की विक्ट्री साइन

सीएम शुभेंदु अधिकारी शताब्दी रॉय के घर में सांसदों से मुलाकात के बाद बाहर निकल गए हैं. वहां से निकलते हुए उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया है. शुभेंदु 40 मिनट तक सांसदों के साथ रहे. इस दौरान अभिषेक बनर्जी के विश्वासपात्र सांसद पार्थ भौमिक भी उनके साथ दिखे. पार्थ भौमिक (Partha Bhowmick) पश्चिम बंगाल की बैरकपुर (Barrackpore) लोकसभा सीट से सांसद हैं.

Advertisement

20.05 PM: हमें लोकसभा में अलग स्थान मिले: काकोली

इस बीच बागी सांसदों को लीड कर रही TMC सांसद काकोली घोष ने कहा है कि हम 20 MP हैं जिन्होंने स्पीकर से अलग बैठने की जगह की रिक्वेस्ट की है और हम पश्चिम बंगाल के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे, और हम पिछले कुछ सालों से पश्चिम बंगाल में फैली अराजकता, कुशासन और बेरोज़गारी के खिलाफ हैं. 

20.00 PM: मेरे खून में कोई गद्दारी नहीं: कुणाल

इस बीच TMC MLA कुणाल घोष ने कहा है कि मैं कई लोगों की नजर में बुरा हो सकता हूं. लेकिन मैं इतना भी बुरा नहीं हूं कि टीम की मुश्किल में अपने नंबर खुद ही कैलकुलेट कर लूं और भाग जाऊं. पार्टी ने मेरी ज़िंदगी के मुश्किल दिनों में बिना वजह मेरा साथ नहीं दिया, जिससे मुझे बेवजह बदनामी का खतरा बना रहा. लेकिन पार्टी की मुश्किल के समय में मैं उसके साथ रहूंगा और साबित करूंगा कि मेरे खून में कोई गद्दारी नहीं है. मैं कुणाल घोष हूं. जो लोग दीदी के साथ रहेंगे, मैं उनके साथ एक कॉमरेड की तरह हूं. 

19:28 PM: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शताब्दी रॉय के घर पहुंच गए हैं. यहां पहले से ही टीएमसी के बागी सांसद मौजूद हैं.

Advertisement

19.02 PM: तीन और सांसद शताब्दी रॉय के घर पहुंचे हैं. इनके नाम हैं शर्मिला सरकार, जगदीश बसुनिया और खलीलुर रहमान. 

यूसुफ पठान पर भड़कीं महुआ

18.37 PM: महुआ मोइत्रा  TMC सांसद यूसुफ पठान पर भी भड़कीं हैं. महुआ ने कहा है कि आप दिल्ली इसलिए भाग रहे हैं क्योंकि अमित शाह ने आपको बुलाया है? थोड़ी हिम्मत रखिए. आप इंडिया के लिए खेले हैं. हमारे ज़िले ने आपको बहुत बड़े अंतर से वोट दिया है. थोड़ा शर्म कीजिए और हिम्मत रखिए.

18.35 PM: इस बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने बागी सांसदों पर हमला किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा है कि ये सांसद 2024 में TMC के टिकट पर जीते थे. जनादेश NDA के लिए नहीं था. पीली पैंट वाले सभी लालची, मतलबी गद्दार प्लीज़ अब BJP में शामिल हो जाएं. अपनी सीटों से इस्तीफ़ा दें और BJP के टिकट पर चुनाव लड़ें. देखते हैं आप कितने बड़े हीरो हैं.

18.29 PM: TMC के बांगी सांसद शताब्दी रॉय के दिल्ली स्थित घर पर पहुंचने लगे हैं. थोड़ी देर यहां एक बड़ी मीटिंग होने वाली है. इस मीटिंग में NDA को सपोर्ट करने के फैसले पर आखिरी मोहर लगेगी. बागी गुट के 3 सांसद बापी हालदार, असित कुमार और अबू ताहिर खान शताब्दी रॉय के घर पहुंच चुके हैं.  

Advertisement

इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के 14 बागी सांसदों ने दिल्ली में पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की है. ये मुलाकात बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव के घर पर हुई है. पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी आज ही दिल्ली पहुंचे हैं. सूत्रों के अनुसार इस मीटिंग में टीएमसी के लोकसभा के 14 सांसद मौजूद थे. इस मुलाकात में बीजेपी नेता और पूर्व त्रिपुरा सीएम बिप्लब देब भी शामिल थे. 

सूत्रों का दावा है कि तृणमूल कांग्रेस के 5 बागी सांसद सोमवार सुबह से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पर मौजूद थे. इन पांच सांसदों के नाम बर्दमान पूर्व से सांसद शर्मिला सरकार, हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी, कूचबिहार सांसद जगदीश बसुनिया, झारग्राम सांसद कालिपद सोरेन और बांकुरा सांसद अरूप चक्रवर्ती हैं. दोपहर 12.00 बजे के बाद बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उनके घर गए. इस बीच सूत्रों ने बताया कि लोकसभा के कुल 14 टीएमसी सांसदों ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की. दोपहर 2 बजे के बाद शुभेंदु अधिकारी भूपेन्द्र यादव के घर से निकले.

इधर इस घटनाक्रम से पहले TMC से इस्तीफा देने वाले सुखेंदु शेखर से मिलने के लिए पार्टी के 5 सांसद पहुंचे. ये मुलाकात दिल्ली में हुई. सुखेंदु शेखर से मिलने आए सांसदों में बर्दमान पूर्व से सांसद शर्मिला सरकार, हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी, कूचबिहार सांसद जगदीश बसुनिया, झारग्राम सांसद कालिपद सोरेन और बांकुरा सासंद अरूप चक्रवर्ती शामिल थे. 

Advertisement

रिपोर्ट के अनुसार TMC के बागी सांसद लोकसभा में अभिषेक बनर्जी के बजाय काकोली घोष को पार्टी का नेता चाहते हैं.

सुखेंदु शेखर से मिलने गए TMC के 5 सांसद (Photo: ITG)

बता दें कि राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर ने आज (सोमवार) ही राज्यसभा और पार्टी से इस्तीफा दिया है. इस बीच उनसे टीएमसी के पांच सांसद मिलने पहुंचे थे. इससे टीएमसी की राजनीति को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं. 

बता दें कि TMC सांसदों में पहले ही विभाजन हो चुका है. तृणमूल कांग्रेस के विधायकों पर ममता बनर्जी की पकड़ ढीली पड़ने के बाद अब पार्टी के संसदीय खेमे को भी एक और झटका लगा है.

ममता के सबसे विश्वस्त लेफ्टिनेंट फिरहाद हकीम ऋतब्रत से मिले

इस बीच कोलकाता से खबर है कि ममता बनर्जी के सबसे विश्वस्त लेफ्टिनेंट और कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम ने बागी विधायकों के नेता ऋतब्रत बनर्जी से मुलाकात की है. ये मुलाकात विधानसभा में भी हुई है. फिरहाद हकीम ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है. फिरहाद हकीम ने कुछ दिन पहले ही कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा दिया है.  
 

आज सुखेंदु बोले, कल दूसरे ही बोलेंगे-ऋतब्रत

वहीं राज्यसभा में एक दशक से ज़्यादा समय तक पार्टी का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे पुराने सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने सांसद और पार्टी, दोनों पदों से इस्तीफ़ा दे दिया है. और पार्टी के 5 सांसदों से मुलाकात की है. 

Advertisement

वहीं बंगाल में ममता के खिलाफ बगावत करने वाले बागी विधायक और नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने कई विधायकों से मुलाकात की है.

नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने सुखेंदु के इस्तीफे और टीएमसी के राजनीतिक घटनाक्रम पर कहा कि, "यह सिर्फ़ सुखेंदु की बात नहीं है. असल में मैंने उनसे व्यक्तिगत रूप से बात नहीं की है. लेकिन उन्होंने जो कुछ भी कहा, मैं उससे ज़्यादातर सहमत हूं, खासकर संसद के उच्च सदन के कामकाज को लेकर. उनकी बातें बिल्कुल सही थीं. संसद कोई क्विज़ शो की जगह नहीं है. सुखेंदु जो बता रहे हैं, उसका अनुभव मैंने खुद किया है. उनके जैसे कद के सांसद को पिछली कतार में धकेल दिया जाना निराशाजनक था, आज सुखेंदु आवाज़ उठा रहे हैं; कल दूसरे भी ऐसा ही करेंगे."

दिल्ली में सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की मुलाकात (Photo: ITG)

इधर ममता सोनिया से मिल रही, उधर पार्टी सांसदों की बगावत

बता दें कि ममता बनर्जी INDIA ब्लॉक की मीटिंग में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंची हैं. अभिषेक बनर्जी भी दिल्ली में हैं. आज सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की गर्मजोशी से मुलाकात भी हुई. 

लोकसभा में TMC के कुल 28 सांसद हैं, पार्टी में किसी भी तरह के संवैधानिक विभाजन के लिए कम से कम 19 सांसदों का एक गुट में आना जरूरी है. अन्यथा इस विभाजन को मान्यता नहीं मिलेगी. हां, पार्टी के सांसद इस्तीफा जरूर दे सकते हैं.   

Advertisement

तृणमूल कांग्रेस न केवल लोकसभा में बल्कि राज्यसभा में भी बिखर रही है. राज्यसभा में टीएमसी के 13 सांसद थे.  इनमें से वरिष्ठ नेता सुखेन्दु शेखर रॉय ने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है और पार्टी भी छोड़ दी है. वहीं दूसरी ओर लोकप्रिय टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »