LIVE: राहुल गांधी समेत 10 विपक्षी सांसद राष्ट्रपति से मिलने जा रहे, विजय चौक पर INDIA ब्लॉक के नेताओं का धरना

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक लगातार प्रदर्शन कर रहा है. विपक्ष का आरोप है कि वोटर लिस्ट के SIR में गड़बड़ी की गई और जबरन लोगों के वोट काटे गए. विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था. इस पर उन्हें आज रात 8 बजे का वक्त दिया गया था.

Advertisement
राष्ट्रपति भवन की तरफ से सांसदों को शुक्रवार रात 8 बजे का समय दिया गया है. (Photo- ITG) राष्ट्रपति भवन की तरफ से सांसदों को शुक्रवार रात 8 बजे का समय दिया गया है. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:57 PM IST

वोट चोरी के आरोपों और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का विरोध जारी है. इसी कड़ी में शुक्रवार को विपक्षी दलों के सांसद संसद के सेंट्रल हॉल में जुटे. राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे. राष्ट्रपति भवन की तरफ से करीब 10 सांसदों को मिलने के लिए शुक्रवार रात 8 बजे का समय दिया गया है. INDIA ब्लॉक के सांसद संसद परिसर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाला बड़ा बैनर लेकर पहुंचे. बैनर पर 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' का नारा लिखा है. 

Advertisement

Live Updates:

-राष्ट्रपति भवन की ओर जाने वाले रायसीना हिल्स इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. राहुल के नेतृत्व में 10 सांसद राष्ट्रपति से मिलने के लिए राष्ट्रपति भवन जा रहे हैं. वहीं, अन्य विपक्षी नेता और सांसद विजय चौक पर धरने पर बैठ गए हैं.

-समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अगर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की आजादी नहीं है, तो यह अघोषित आपातकाल और तानाशाही का दौर है. बुझने से पहले दीपक की लौ तेज होती है, उसी तरह ये लोग भी छटपटा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जितना डरेगी, उतना ही उत्पात मचाएगी. सभी को तैयार रहना चाहिए, क्योंकि ये लोग कुछ भी कर सकते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन करने वाले युवा हैं, वे कोई दंगा या हिंसा भड़काने तो नहीं आ रहे हैं.

Advertisement

-दिल्ली में संसद के सेंट्रल हॉल में जुटे INDIA ब्लॉक के सांसदों को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 14 अगस्त 1947 के ऐतिहासिक भाषण का जिक्र किया. राहुल गांधी ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने एक बहुत मशहूर भाषण दिया था. यह भाषण 14 अगस्त 1947 को संसद के सेंट्रल हॉल में दिया गया था. मैं इसमें से कुछ हिस्सा बताना चाहता हूं. उन्होंने कहा, 'यह भारत, पूरे एशिया और दुनिया के लिए एक अहम पल है. पूरब में आज़ादी का एक नया सितारा उदय हो रहा है, एक नई उम्मीद जगी है, और एक लंबे समय से संजोया गया सपना सच हो रहा है. यह सितारा कभी अस्त न हो और वह उम्मीद कभी टूटे नहीं...'

-INDIA ब्लॉक की बैठक में राहुल गांधी ने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में खासकर गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट्र में जिस तरह के नतीजे आए हैं, उन्हें देखकर उन्हें अब भी विश्वास नहीं होता कि ऐसा कैसे हुआ. उन्होंने कहा कि देश के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है. जब उनके हाथ में सबूत आए, तब उन्हें इस मामले की गंभीरता का पता चला.

-राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ उनके खिलाफ कार्रवाई की बात नहीं माहै, बल्कि सरकार को बर्खास्त करना होगा. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार खुद को समझते क्या हैं? उनका काम जनता के प्रतिनिधियों से मिलना है. राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि ज्ञानेश कुमार को विपक्षी सांसदों से मिलना ही होगा, चाहे कुछ भी हो जाए.

Advertisement

वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई: इमरान प्रतापगढ़ी

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले कई महीनों से वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है और यह आंदोलन देशभर में फैल चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कुछ दिनों में विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. प्रतापगढ़ी ने राहुल गांधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का भी जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि विपक्ष इस संघर्ष को लोकतांत्रिक सत्याग्रह के रूप में आगे बढ़ा रहा है. इसी के तहत राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा गया है. विपक्षी सांसद राष्ट्रपति से चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर हस्तक्षेप करने की अपील करना चाहते हैं.

'सभी 300 सांसद राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं'

कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 विपक्षी सांसद राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि न तो चुनाव आयोग और न ही राष्ट्रपति से सभी सांसदों को मिलने का अवसर मिल पा रहा है. उनके मुताबिक, राष्ट्रपति भवन की ओर से केवल 10 लोगों को मुलाकात की अनुमति मिली है.

नासिर हुसैन ने कहा कि हर सांसद अपने संसदीय क्षेत्र और राज्य की स्थिति के साथ SIR प्रक्रिया के दौरान सामने आई कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपना चाहता है. उन्होंने राष्ट्रपति से सभी सांसदों की बात सुनने की अपील की.

Advertisement

रात 8 बजे राष्ट्रपति से मुलाकात

विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के लिए शुक्रवार रात 8 बजे का समय मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में 10 नेता शामिल होंगे. विपक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपनी शिकायतें राष्ट्रपति के सामने रखने के लिए मुलाकात का समय मांगा था.

विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती गई और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर गंभीर सवाल हैं. विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और पूरे मामले की जांच की मांग कर रहा है. चुनाव आयोग और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »