देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून के आखिरी दौर में भारी बारिश आफत बनकर बरस रही है. उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. उत्तर प्रदेश में पिछले 60 घंटों में बारिश जनित हादसों के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है और सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण इंद्रावती नदी उफान पर है. उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की ताजा बर्फबारी हुई है. बर्फबारी के कारण चारों ओर सफेद चादर बिछ गई है और मैदानी इलाकों में भी ठंड ने दस्तक दे दी है.