देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों का जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. एक ओर हिमाचल भवन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा लगा हुआ है. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी अपने समर्थकों और पूरी कैबिनेट के साथ दिल्ली पहुंचे हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. कांग्रेस का आरोप है कि लोकतंत्र और संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट तक एक विशाल मार्च निकालने की योजना बनाई गई है. दूसरी ओर, दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित इंदिरा भवन के बाहर बीजेपी जमकर प्रदर्शन कर रही है. बीजेपी का यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के सांसद अंगोमचा बिमोल के खिलाफ है, जिन पर जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले के गंभीर आरोप हैं. बीजेपी नेता बांसुरी स्वराज और रेखा शर्मा सहित कई महिला सांसदों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया.