अब गर्मी दिखाएगी तेवर, मध्य प्रदेश में हीटवेव की आहट, यूपी से बिहार तक उत्तर भारत में बढ़ेगा पारा, लू का भी अलर्ट

Heat Wave Alert: भारत के कई राज्यों के तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. खासकर मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में भीषण लू (Heat Wave) की चेतावनी जारी की गई है. IMD के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों में तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी. पूर्वोत्तर भारत में बारिश का अलर्ट है जबकि पश्चिमी और मध्य भारत में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा. वहीं, दिल्ली, यूपी और बिहार में मौसम सामान्य रहेगा. सौराष्ट्र, कच्छ, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा में भी उमस और लू का अलर्ट जारी है.

Advertisement
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी एवं लू का अलर्ट  (File Photo- ITG) उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी एवं लू का अलर्ट (File Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:07 AM IST

देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चेतावनी जारी की है. अगले 4–5 दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 6°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है.

मौसम विभाग (IMD) ने एक तरफ जहां पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी का अलर्ट जारी किया है. खासकर आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश में सोमवार और मंगलवार को भारी गर्मी पड़ने वाली है. 

Advertisement

मध्य प्रदेश में हीटवेव की दस्तक
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर थमते ही गर्मी बढ़ने लगी है. मध्य प्रदेश में एकदम से तापमान में उछाल आया है. बीते तीन दिन में पारा करीब 5°C डिग्री उछलकर 40°C तक पहुंच गया है. IMD ने मध्य प्रदेश में अप्रैल के आखिर तक दिन का तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है. मध्य प्रदेश में अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी देखने को मिल सकती है. सूरज की सीधी धूप, रेगिस्तानी हवाएं और वायुमंडलीय प्रभाव मिलकर मध्य प्रदेश में तापमान बढ़ाएंगे.

आंध्र प्रदेश में लू का कहर
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने सोमवार, 13 अप्रैल को राज्य के कई इलाकों में भीषण हीटवेव की चेतावनी दी है. 51 मंडलों में भीषण लू और 49 मंडलों में सामान्य लू की स्थिति रह सकती है. खासकर उत्तर तटीय जिलों में हालात ज्यादा गंभीर हैं. सोमवार को श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मन्यम, अल्लूरी, पोलावरम, आनाकापल्ली और एलुरु जिलों में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर होगा. मंगलवार को स्थिति और बिगड़ सकती है. 53 मंडलों में भीषण लू और 57 मंडलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement

दिल्ली-यूपी और बिहार का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 13 अप्रैल को दिल्ली, यूपी और बिहार में मौसम साफ रहेगा. इस दौरान कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. तेज धूप की वजह से अधिकतम तापमान 37 डिग्री से लेकर 39 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. हालांकि, लू और भीषण गर्मी की फिलहाल संभावना नहीं है.

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज (सोमवार), 13 अप्रैल की सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया. सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है. वहीं, लोधी रोड पर 16.4 डिग्री, आयानगर में 16.7 डिग्री और रिज इलाके में 18.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. पालम एयरपोर्ट पर भी 19 डिग्री तापमान रहा, जो सामान्य से कम है. पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कहीं भी बारिश नहीं हुई है.

इन राज्यों में हफ्ते भर उमस और लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, सौराष्ट्र और कच्छ में 13 अप्रैल को लू चलने वाली है. वहीं, ओडिशा में 14-16 अप्रैल, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 16 से 18 अप्रैल,मराठवाड़ा में 16 अप्रैल को उमस भरी गर्मी और लू की संभावना है. ओडिशा, गुजरात, आंध्र तट, रायलसीमा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कर्नाटक में 14 अप्रैल को तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »