बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग केस में हुई 13वीं गिरफ्तारी के मामले में नया अपडेट सामने आया है. इस मामले में आरोपी सुबेहा पंडित को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया गया था, जिसे मुंबई की विशेष मकोका (MCOCA) अदालत में पेश किया गया जहां से आरोपी महिला को 16 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. सुबेहा पंडित इस मामले के कथित मास्टरमाइंड और आरोपी अनिल पंडित की रिश्तेदार है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला सुबेहा पंडित, अभिषेक की पत्नी है. अभिषेक मास्टरमाइंड अनिल पंडित का सगा भाई है. पुलिस का दावा है कि अभिषेक एक क्रिप्टोकरेंसी अकाउंट संचालित करता है, जिसे दुनिया में कहीं से भी एक्सेस किया जा सकता है. इस अकाउंट में विदेशों से रकम भेजी गई थीं. आशंका जताई जा रही है कि यह पैसा जबरन वसूली के जरिए हासिल किया गया हो सकता है.
क्रिप्टोकरेंसी के जरिए आरोपियों को पैसे भेजने का शक
जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक अपने नेटवर्क के अलावा दो अन्य ग्रुप्स को भी चला रहा है. आरोप है कि वह इन सभी गतिविधियों के लिए पैसों के लेनदेन का काम संभालता है. दूसरे आरोपियों को विशेष कोड दिए जाते थे, जिनके आधार पर अभिषेक उन्हें रकम ट्रांसफर करता था. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार महिला को इन सभी वित्तीय लेनदेन की पूरी जानकारी है. उसे पता है कि किस व्यक्ति को कितनी रकम दी गई और पैसे किस तरह ट्रांसफर किए गए.
पुलिस ने मांगी थी 15 दिन की हिरासत
पुलिस ने अदालत में आरोपी महिला की 15 दिन की हिरासत मांगी थी. जांच एजेंसी का कहना है कि महिला से पूछताछ के जरिए हमले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और उसकी भूमिका का पता लगाना जरूरी है. पुलिस ने बताया कि आरोपी को करनाल से गिरफ्तार करने के बाद मुंबई लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड भी हासिल किया गया था. इसके बाद उसे विशेष मकोका अदालत के सामने पेश किया गया.
इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को अरेस्ट किया जा चुका है. जांच एजेंसी क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेश से आने वाले संदिग्ध धन और आरोपियों के बीच हुए लेनदेन की जांच कर रही है.
दिव्येश सिंह