तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का दिनदहाड़े पीछा कर दरांती से हत्या कर दी. पति को पत्नी पर शक था कि उसका कहीं अवैध संबंध है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही पुलिस स्टेशन पहुंच गया और सरेंडर कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह घटना तिरुनेलवेली जिले के पलमडई इलाके की है. सुधाकर नाम के व्यक्ति की शादी पेचियम्मल से हुई थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं. हालांकि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते पेचियम्मल अपने पति से अलग रह रही थी.
आज रविवार को महिला पेचियम्मल काम पर जाने के लिए घर से निकली थी. उसका पति सुधाकर उसका पीछा कर रहा था. जब पेचियम्मल सैंडिपु बस स्टैंड पर उतरी तो सुधाकर ने अचानक दरांती निकाल ली और उसका पीछा करने लगा. कुछ ही पलों में उसने भीड़भाड़ वाले इलाके में पेचियम्मल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
यह भी पढ़ें: 'मैं तेरी सास को मार आया...' पत्नी की हत्या कर दी, फिर दामाद को किया कॉल और हो गया फरार, सहारनपुर में सनसनीखेज वारदात
हमला इतना बेरहमी से किया गया कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सुधाकर सीधे सैंडिपु पुलिस स्टेशन पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेचियम्मल के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुधाकर को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक था. इसी शक के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
प्रमोद माधव