दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने सोमवार को आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और क्षेत्रों को कवर कर लिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसकी जानकारी दी है. IMD के अनुसार, 22 जून को मॉनसून की उत्तरी सीमा (नॉर्दर्न लिमिट ऑफ मॉनसून) 19°N/60°E, 19°N/65°E, 18.8°N/70°E, अलीबाग, पुणे, निजामाबाद, दंतेवाड़ा, बलांगीर, सुंदरगढ़, चतरा, गया, मुजफ्फरपुर और 28.3°N/83°E से होकर गुजर रही है.
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इस दौरान मॉनसून के मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ और क्षेत्रों (जिसमें मुंबई भी शामिल है), तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और इलाकों में पहुंचने की संभावना है. मॉनसून की यह रफ्तार देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों को और तेज कर सकती है. जिससे आने वाले दिनों में व्यापक बारिश होने की उम्मीद है.
मॉनसून अब पकड़ रहा रफ्तार, जुलाई के पहले हफ्ते तक दिल्ली पहुंचने के आसार
मुंबई में बारिश से मौसम सुहावना
मुंबई के कई हिस्सों में सोमवार सुबह मध्यम से भारी बारिश हुई है. गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने मुंबई में मौसम सुहावना कर दिया है. आसमान में बादलों का पहरा है और ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बना हुआ है. बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आमतौर पर 10 जून के आसपास मुंबई पहुंच जाता है, लेकिन इस साल इसकी शुरुआत देरी से हुई है. जून महीने की शुरुआत में दक्षिण कोंकण में मॉनसून पहुंच गया था, लेकिन आगे बढ़ने में रुकावट आई.
मुंबई में अब तक कितनी हुई बारिश?
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, सुबह 6 बजे से 7 बजे तक द्वीप शहर (दक्षिण मुंबई) में औसतन 17 मिलीमीटर बारिश हुई. जबकि पश्चिमी उपनगरों में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
अनमोल नाथ