मल्लिकार्जुन खड़गे दोबारा चुने गए राज्यसभा में LoP, आठ राज्यसभा सांसदों ने ली शपथ

मल्लिकार्जुन खड़गे समेत 8 नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों ने सोमवार को शपथ ली. वहीं, खड़गे को दोबारा LoP नियुक्त किया गया है. खड़गे ने कहा कि वह सरकार को जवाबदेह ठहराने के अलावा सदन में लोगों की आवाज को ईमानदारी के साथ उठाते रहेंगे.

Advertisement
खड़गे को 26 जून से ही राज्यसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया.(Photo: X/@INC) खड़गे को 26 जून से ही राज्यसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया.(Photo: X/@INC)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:55 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत आठ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों ने सोमवार को शपथ ली. खड़गे को दोबारा विपक्ष का नेता (LoP) नियुक्त किया गया है. इन आठ सांसदों में बीजेपी नेता तरुण चुघ भी शामिल हैं.

राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने नए सदस्यों को पद की शपथ दिलाई. वहीं, खड़गे को 26 जून से ही राज्यसभा में विपक्ष का नेता फिर से नियुक्त किया गया.

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बाद में कहा कि वह सरकार को जवाबदेह ठहराने के अलावा, सदन में लोगों की चिंताओं, आकांक्षाओं और उनकी आवाज को ईमानदारी और दृढ़ विश्वास के साथ उठाते रहेंगे.

वहीं, राधाकृष्णन ने खड़गे को बधाई दी और कहा कि उच्च सदन को उनके लंबे अनुभव का लाभ मिलेगा.

खड़गे के साथ राधाकृष्णन ने राज्यसभा कक्ष में सात अन्य नए और दोबारा चुने गए सदस्यों को शपथ दिलाई. इनमें मानसिंह मेरामन परमार, तरुण चुघ, अलका सिंह, जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजेंद्र हीरालाल जैन, एम नागराजा और अधिकारिमयुम शारदा देवी शामिल हैं.

बता दें, न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चार सदस्यों ने हिंदी में, एक ने कन्नड़ में, एक ने पंजाबी में और एक ने मणिपुरी में शपथ ली. जहां दो सदस्य गुजरात से हैं, वहीं कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और राजस्थान से एक-एक सदस्य उच्च सदन पहुंचे हैं.

Advertisement

खड़गे के शपथ ग्रहण के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव के सी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश और नसीर हुसैन मौजूद थे. वहीं, सूत्रों ने बताया कि खड़गे की पत्नी, बेटी और पोती भी अपने पति के साथ मौजूद थीं.

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के साथ-साथ प्रफुल्ल पटेल और राज्यसभा के महासचिव पी सी मोदी भी मौजूद थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »