किसे मिला प्रमोशन और किसकी हुई छुट्टी? पढ़िए मोदी कैबिनेट विस्तार से जुड़ी बड़ी बातें
Modi Cabinet Expansion: पीएम नरेंद्र मोदी कैबिनेट में ऐसे भी नाम शामिल हैं जो दूसरी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं. इन्हीं नामों में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला नाम ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी है. मध्य प्रदेश में बीजेपी के साथ आकर पार्टी की मदद करने वाले सिधिया को कैबिनेट में जगह दी गयी है.
पीएम मोदी की कैबिनेट में बुधवार को नए मंत्रियों ने शपथ ले ली है. मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का ये पहला बदलाव है. ऐसे में जहां एक तरफ कैबिनेट में नए नाम शामिल हुए हैं वहीं दूसरी तरफ सात ऐसे नाम भी हैं जिनको मोदी सरकार की तरफ से प्रमोशन की सौगात दी गयी है. लेकिन बुधवार को फेरबदल से जुड़ी सबसे बड़ी खबर, अचानक बड़े चेहरों का इस्तीफ़ा दे देना बन गयी.
वहीं पीएम नरेंद्र मोदी कैबिनेट में ऐसे भी नाम शामिल हैं जो दूसरी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं. इन्हीं नामों में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला नाम ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी है. मध्य प्रदेश में बीजेपी के साथ आकर पार्टी की मदद करने वाले सिधिया को कैबिनेट में जगह दी गयी है.
Advertisement
क्लिक करें-
बिन्दुवार पढ़िए मोदी कैबिनेट विस्तार से जुड़ी बड़ी बातें-
फेरबदल से पहले मोदी कैबिनेट से आईटी मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद, पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और रसायन एवं उर्वरक मंत्री सदानंद गौड़ा की छुट्टी हो गई है. जिसके बाद देश की मौजूदा राजनीति में एक बड़े बदलाव का संदेश जाता हुआ दिखाई दिया.
मोदी सरकार ने सामाजिक न्याय और आधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को राज्यपाल बनाकर भेजा गया है इसलिए उनका भी केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफा हो गया है.
श्रम मंत्रालय के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संतोष गंगवार को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके पद से हटा दिया है.
पीएम मोदी ने राज्य मंत्रियों जल शक्ति राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया, पशुपालन राज्यमंत्री प्रताप सारंगी, शिक्षा राज्यमंत्री संजय धोत्रे, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री देबोश्री चौधरी, पर्यावरण और वन राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो से भी इस्तीफा ले लिया है.
मोदी कैबिनेट में नारायण राणे, सर्बानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रामचंद्र प्रसाद सिंह, अश्विनी वैष्णव, पशुपति कुमार पारस और भूपेंद्र यादव को नए चेहरों के रूप में शामिल किया गया है.
पीएम मोदी ने किरण रिजिजू, राम कुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, पुरुषोत्तम रूपाल, जी किशन रेड्डी, अनुराग ठाकर को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया है.
इसके अतिरिक्त 28 नए राज्य मंत्री मोदी सरकार में शामिल किए गए हैं. जिनमें पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, सत्यपाल सिंह बघेल, राजीव चंद्रशेखर, शोभा कारंदलाजे, भानु प्रताप सिंह वर्मा, दर्शना विक्रम जारदोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्ण देवी, ए नारायणस्वामी, कौशल किशोर, अजय भट्ट, बी एल वर्मा, अजय कुमार शामिल हैं.
राज्यमंत्रियों में देवू सिंह चौहान, भागवंत खुबा, कपिल पाटिल, प्रतिमा भौमिक, सुभास सरकार, भागवत किशनराव कराद, राजकुमार रंजन सिंह, भारती प्रवीण पवार, बिश्वेश्वर देडु, शांतनु ठाकुर, मुंजापारा महेंद्रभाई, जॉन बारला, एल मुरुगन, निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं.
मोदी मंत्रिमंडल में एनडीए के सहयोगी दलों को भी जगह मिली है. जेडीयू से आरसीपी सिंह तो एलजेपी से पशुपति पारस कैबिनेट मंत्री बने हैं जबकि अपना दल से अनुप्रिया पटेल राज्यमंत्री बनाई गई हैं.
पीएम मोदी को मिलाकर यूपी से अभी तक 10 मंत्री थे, जिनमें से संतोष गंगवार ने इस्तीफा दे दिया है. यूपी से सात नए मंत्रियों की जगह दी गई है, जिससे राज्य के 16 मंत्री हो गए हैं. यूपी में अगले साल चुनाव होने हैं.
गुजरात में भी अगले साल चुनाव हैं, यहां से मनसुख मंडाविया, महेंद्रभाई मुंजापारा और पुरुषोत्तम रूपाला का प्रमोशन किया गया है. इसके अलावा नए चेहरे दर्शना जरदोश और देव सिंह चौहान पर भी जगह दी गई है.
aajtak.in