Advertisement

Parliament Budget Session 2026 Live: 'अगर यह जंग जारी रही, तो गंभीर दुष्परिणाम तय...', मिडिल ईस्ट जंग पर राज्यसभा में बोले PM मोदी

aajtak.in | नई दिल्ली | 24 मार्च 2026, 2:22 PM IST

Budget Session Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में ईरान जंग पर बयान दे रहे हैं. पीएम मोदी ने एक दिन पहले इसी मुद्दे पर लोकसभा में बयान दिया था. ताजा अपडेट्स के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें...

Parliament Proceedings Live

संसद के बजट सत्र का दूसरा हाफ चल रहा है. दूसरे हाफ के नए हफ्ते के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में ईरान जंग पर बयान दिया था. पीएम मोदी आज राज्यसभा में इसी मुद्दे पर बयान दे रहे हैं. पीएम मोदी ने राज्यसभा में कहा कि भारत ने संवाद का रास्ता सुझाया है. हम सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि अगर यह जंग जारी रही, तो इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे. उन्होंने कहा कि भारत हर सेक्टर में यह प्रयास कर रहा है कि किसी भी सेक्टर में दूसरे देशों पर बहुत अधिक निर्भरता न हो. पीएम ने शिप बिल्डिंग से लेकर रेयर अर्थ मिनरल्स तक, आत्मनिर्भरता के प्रयास गिनाए और कहा इस संकट ने दुनिया को हिला दिया है. इससे रिकवर करने में भी दुनिया को काफी समय लगेगा. सरकार पल-पल बदलते हालात पर नजर रखे हुए है. 

2:22 PM (53 मिनट पहले)

लंबे समय तक रह सकते हैं युद्ध के दुष्परिणाम- पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

पीएम मोदी ने कहा कि यह संकट अलग प्रकार का है और इसके समाधान भी अलग प्रकार से ही तय किए जा रहे हैं. इस युद्ध के प्रभाव लंबे समय तक रहने की प्रबल आशंका है. हम देशवासियों को भरोसा देता हूं कि हम सतर्क हैं. हम देश की जनता के हित में हर निर्णय ले रहे हैं.   

2:22 PM (54 मिनट पहले)

जंग जारी रही तो होंगे गंभीर दुष्परिणाम- पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने संवाद का रास्ता सुझाया है. हम ईरान, अमेरिका और इजरायल समेत सभी पक्षों से लगातार संपर्क में हैं. युद्ध से जिस तरह की परिस्थितियां बनी हैं, अगर यह जंग जारी रही तो गंभीर दुष्परिणाम होंगे. हमारे फंडामेंटल्स मजबूत हैं और हम रणनीति के साथ काम कर रहे हैं कि भारत पर इसके कम से कम दुष्परिणाम हों. पश्चिम एशिया में जंग की वजह  से जितना नुकसान हो चुका है, उससे रिकवर करने में भी दुनिया को काफी समय लगेगा. यह राज्यों का सदन है और यह संकट आने वाले समय में हमारी बड़ी परीक्षा लेने वाला है. राज्यों की भूमिका भी इस संकट में अहम होने वाली है. पीएम गरीब कल्याण योजना का लाभ गरीबों को समय पर मिलता रहे, यह प्रयास करना होगा. राज्यों को प्रवासी मजदूरों की समस्याओं पर भी ध्यान देना होगा. कालाबाजारी, जमाखोरी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए. जरूरी चीजों की सप्लाई सुनिश्चित करना राज्यों की प्राथमिकता होनी चाहिए. संकट चाहे कितना भी बड़ा हो, भारत की तेज ग्रोथ बनाए रखना हम सभी का दायित्व है. हमें तेजी से रिफॉर्म करने होंगे. ये टीम इंडिया की भी बड़ी परीक्षा है. कोविड काल में हमने नया मॉडल सामने रखा था. हमें उसी भावना के साथ आगे भी काम करना होगा. सभी राज्य सरकारों और केंद्र के प्रयासों से देश इस गंभीर संकट का प्रभावी तरीके से सामना कर पाएगा.
 

2:08 PM (एक घंटा पहले)

सिविल इंफ्रा पर हमलों का भारत ने किया है विरोध- पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईरान जंग पर राज्यसभा में बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.

1:41 PM (एक घंटा पहले)

'अधिकारियों पर हो हत्या का केस', संजय सिंह की राज्यसभा में मांग

Posted by :- Bikesh Tiwari

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये सरकारी लापरवाही से की गई हत्या है. उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री के बयान की आलोचना की और समयबद्ध जांच कराकर कार्रवाई की मांग की.

यह भी पढ़ें: 'अधिकारियों पर हो हत्या का केस', 'अधिकारियों पर हो हत्या का केस', संजय सिंह की राज्यसभा में मांग- पालम अग्निकांड की हो समयबद्ध जांच

Advertisement
1:39 PM (एक घंटा पहले)

'हमारे प्रधानमंत्री पहले विश्वगुरु, जिनका चेला कोई नहीं', लोकसभा में औजला का तंज

Posted by :- Bikesh Tiwari

गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी पहले विश्व गुरु हैं, जिनका चेला ही कोई नहीं है. इस बजट में मजदूर भाइयों के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया. पंजाब के मजदूरों के लिए विशेष पैकेज देना चाहिए. इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है. हम जब तक बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं देंगे, तरक्की नहीं कर पाएंगे. विश्वगुरु बन तो जाएंगे, लेकिन बच्चे किसी का मुकाबला नहीं कर पाएंगे. उन्होंने कहा कि विश्वगुरु को कहना चाहते हैं कि देश का बुरा हाल है. इस पर ध्यान दें.

1:36 PM (एक घंटा पहले)

यह अमृतकाल नहीं, कर्जकाल है- प्रिया सरोज

Posted by :- Bikesh Tiwari

यूपी के मछलीशहर से सपा सांसद एडवोकेट प्रिया सरोज ने कहा कि विकास का नारा कागजों में है, जिंदगी ईएमआई के जाल में उलझी चल रही है. एआई विदेश का, चिप विदेश की, ऊर्जा विदेश की और तेल खरीदने के लिए हमें अलाऊ भी विदेश करे. यह कैसी आत्मनिर्भर सरकार है. परिवार की बचत न्यूनतम स्तर पर है. एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर कहा कि हमने भारत को तेल खरीदने के लिए अलाऊ कर दिया है. अलाऊ शब्द सुनकर भी सरकार की ओर से किसी ने कुछ नहीं कहा. ये सुनकर भी चुप बैठे हुए हैं. ये कैसी सॉवरेनिटी है. यह अमृतकाल नहीं, कर्जकाल है.

1:20 PM (एक घंटा पहले)

राज्यसभा में भोजनावकाश, कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में भोजनावकाश हो गया है. सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी. राज्यसभा में प्रधानमंत्री दो बजे ईरान जंग को लेकर बयान देंगे.

 

12:49 PM (2 घंटे पहले)

'मुझे मेरी मां याद आ गई....', लोकसभा में क्यों बोले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी

Posted by :- Bikesh Tiwari

बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने लोकसभा में कहा कि 'यह दूधो नहाओ, पूतो फलो' की स्थिति है. उन्होंने इसे लेकर भी प्रश्न पूछा कि देश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार की योजना क्या है.

यह भी पढ़ें: 'मुझे मेरी मां याद आ गई....', 'मुझे मेरी मां याद आ गई....', लोकसभा में क्यों बोले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी

12:45 PM (2 घंटे पहले)

बिन मौसम बारिश से नष्ट हुई फसल, बिहार के किसानों को मिले मुआवजा- मंडल

Posted by :- Bikesh Tiwari

हरियाणा के कुरुक्षेत्र से बीजेपी के सांसद नवीन जिंदल ने फाइनेंस बिल का समर्थन किया और कहा कि हमें मिलकर चलना होगा. प्रधानमंत्री ने भी यही कहा था. बिहार के झंझारपुर से जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद रामप्रीत मंडल ने कहा कि बिहार के युवा रोजगार की तलाश में पलायन करने के लिए मजबूर हैं. मनरेगा से कुछ रोजगार मिल रहा था, उनके लिए भी आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है. बिन मौसम की बारिश से फसलें भी एक झटके में नष्ट हो गई हैं. सरकार किसानों को अविलंब मुआवजा दे. 
 

Advertisement
12:27 PM (2 घंटे पहले)

'आज किसकी उम्र से अधिक गिर रहा रुपया', लोकसभा में बोले मनीष तिवारी

Posted by :- Bikesh Tiwari

मनीष तिवारी ने फाइनेंस बिल पर चर्चा के दौरान बोलते हुए कहा कि 2013-14 में एक डॉलर की कीमत 61 रुपये थी. आज एक डॉलर 93 रुपये का मिल रहा है. आज जो सत्ता में बैठे हैं, वह कहा करते थे कि रुपया प्रधानमंत्री की उमर से भी अधिक गिर रहा है. आज पूरी विनम्रता के साथ पूछना चाहता हूं कि आज रुपया किसकी उमर से अधिक गिर रहा है. मनीष तिवारी ने यह भी कहा कि ईरान जंग का असर वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा.

12:04 PM (3 घंटे पहले)

लोकसभा स्पीकर ने मंजूर किया प्रद्योत बोरदोलोई का इस्तीफा

Posted by :- Bikesh Tiwari

स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि असम के सांसद प्रद्योत बोरदोलोई ने लोकसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है. मैंने उनना त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है. इससे पहले, स्पीकर ने कहा कि कुछ सदस्यों की ओर से विभिन्न विषयों पर स्थगन प्रस्ताव के नोटिस प्राप्त हुए हैं. इनमें से किसी भी नोटिस को मंजूरी नहीं दी है.

11:56 AM (3 घंटे पहले)

'हां, मैं भारत का कृषि मंत्री शिवराज...',  लोकसभा में क्यों बोले शिवराज

Posted by :- Bikesh Tiwari

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरी रौ में आ गए. टीएमसी सांसद सौगत रॉय के प्रश्न का जवाब देते हुए शिवराज ने दावा किया कि किसानों की आय दोगुनी हुई है. इस दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव भी उत्तेजित हो गए और स्पीकर को उन्हें टोकना पड़ा.

यह भी पढ़ें: 'हां, मैं भारत का कृषि मंत्री शिवराज...',  लोकसभा में क्यों बोले शिवराज, उत्तेजित हुए धर्मेंद्र यादव

11:54 AM (3 घंटे पहले)

'पालम अग्निकांड में अधिकारियों पर हो कार्रवाई', राज्यसभा में संजय सिंह की डिमांड

Posted by :- Bikesh Tiwari

संजय सिंह ने कहा कि नई दिल्ली जहां पूरी सरकार रहती है, संसद भवन से 12 किलोमीटर दूर पालम में अग्निकांड हुआ. इसमें राजेंद्र कश्यप का पूरा परिवार खत्म हो गया. मां-बेटी को मरने के बाद भी अलग नहीं किया जा सका. लोग चीखते रहे कि हमें बचा लो, लेकिन फायर ब्रिगेड की सीढ़ियां नहीं खुलीं. सेफ्टी जाल नहीं था. लोगों ने कहा कि हम गद्दे लगा देते हैं, बच्चे कूदकर जान बचा सकें. लेकिन उनको ये भी नहीं करने दिया गया. दिल्ली के मंत्री कहते हैं कि गलती तो उसी परिवार की है. दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

11:53 AM (3 घंटे पहले)

ईरान जंग पर आज राज्यसभा में बोलेंगे पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ईरान जंग को लेकर राज्यसभा में बोलेंगे. पीएम मोदी का राज्यसभा में संबोधन दो बजे से होना है. पीएम मोदी ने एक दिन पहले इसी मुद्दे पर लोकसभा में बयान दिया था. उन्होंने अपने बयान में कहा था कि हालात खराब हैं, लेकिन घबराने की बात नहीं है. पीएम मोदी ने लोकसभा में हालात से निपटने के लिए सरकार की तैयारियों के संबंध में भी सदन को जानकारी दी थी.

यह भी पढ़ें: भारत की तैयारी, विपक्ष संग एकजुटता, जमाखोरों को वॉर्निंग... ईरान जंग पर PM मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें