सिक्किम में भारी बारिश का कहर, सैलाब में बहा पुल, कई इलाकों का संपर्क टूटा 

सिक्किम में भारी बारिश के बीच उत्तर सिक्किम के जोंगू इलाके में एक पुल बह गया है. इस वजह से फिदांग-सांकलांग सड़क मार्ग बंद हो गया है और कई इलाकों का संपर्क टूट गया है.

Advertisement
सिक्किम में भारी बारिश के बाद नदी के तेज बहाव में बहा बेली पुल. (Photo: ITG) सिक्किम में भारी बारिश के बाद नदी के तेज बहाव में बहा बेली पुल. (Photo: ITG)

अनुपम मिश्रा

  • गंगटोक ,
  • 28 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:28 PM IST

सिक्किम में मूसलाधार बारिश के चलते भारी तबाही हुई है. यहां के उत्तरी इलाके में शनिवार रात को भारी बारिश की वजह से एक बड़ा पुल पानी के तेज बहाव में पूरी तरह बह गया. इस घटना के बाद से फिदांग और सांकलांग को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता बंद हो गया है. पुल टूटने के चलते इलाके का सड़क संपर्क टूट गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. फिलहाल, प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है

Advertisement

उत्तरी सिक्किम के जोंगू इलाके में शनिवार रात तेज बारिश हुई. इसी दौरान फिदांग में फी खोला का जलस्तर अचानक बढ़ गया. पानी का बहाव इतना तेज था कि वहां बना बेली पुल उसे झेल नहीं सका और बह गया. इस पुल के बह जाने से फिदांग-सांकलांग मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है. यह रास्ता इस पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए बेहद जरूरी माना जाता है. मार्ग बंद होने से आस-पड़ोस के कई गांवों का संपर्क टूट गया है. स्थानीय लोग अब जरूरी कामों के लिए भी इस पार से उस पार नहीं जा पा रहे हैं.

मौसम विभाग ने दी थी चेतावनी

हालांकि, मौसम विभाग ने सिक्किम समेत पूरे पूर्वोत्तर भारत के लिए पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, विभाग ने बताया था कि इस हफ्ते कई इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है. साथ ही सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 29 जून तक बेहद भारी बारिश की आशंका भी जताई गई थी. घटना की जानकारी मिलते ही मंगन के स्थानीय प्रतिनिधि और प्रशासन मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचकर प्रशासन ने प्रभावित इलाके और हालात का जायजा लिया. राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. वहीं, लगातार बारिश की वजह से दक्षिण सिक्किम के लिंगी इलाके से भी नुकसान की खबर सामने आई है.

Advertisement

हालांकि, लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के यात्रा न करें. साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को अचानक बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »