भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश के युवाओं को 'नकारात्मक राजनीति' की ओर धकेलने का प्रयास कर रही हैं. उन्होंने कहा कि भारत के युवा राष्ट्र निर्माण और अपने भविष्य को सुरक्षित करने में विश्वास रखते हैं तथा वे किसी के हाथ की कठपुतली नहीं बनेंगे.
झारखंड के रांची में बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग विदेश में बैठकर यह सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा दे सकते हैं. हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका यह बयान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके के संदर्भ में माना जा रहा है.
क्या बोले नितिन नवीन?
उन्होंने कहा कि आज का युवा नवाचार, सृजन और राष्ट्र निर्माण की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है. देश में करीब दो लाख स्टार्टअप युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का परिणाम हैं. भारत वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर होना चाहिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग युवाओं को व्यवस्था विरोधी राजनीति की ओर धकेलना चाहते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि भारत का युवा सकारात्मक राजनीति का ही चयन करेगा.
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है और 54 करोड़ जनधन खाते खोले गए हैं.
उन्होंने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया.
नितिन नवीन दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया और पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा की. उनका यह दौरा झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है.
aajtak.in