केरलम में मंत्रालयों का बंटवारा, CM वी.डी. सतीशन के पास वित्त समेत 35 विभाग

केरलम की नई यूडीएफ सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा बुधवार को फाइनल हो गया है, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी. मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने अपने पास वित्त समेत कुल 35 विभागों की बड़ी जिम्मेदारी रखी है.

Advertisement
केरलम के नए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन संभालेंगे वित्त और कानून समेत 35 विभाग (File Photo) केरलम के नए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन संभालेंगे वित्त और कानून समेत 35 विभाग (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:57 PM IST

केरलम में नई सरकार बनने के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी तय हो गया है. 20 मई यानी बुधवार को यूडीएफ सरकार में मंत्रियों की जिम्मेदारियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई. इस सूची में सबसे ज्यादा मंत्रालय मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के पास है. मुख्यमंत्री खुद वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और पोर्ट्स समेत कुल 35 विभाग संभालेंगे. राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मुख्यमंत्री सतीशन की सिफारिश को मंजूरी दे दी है.

Advertisement

18 मई को मुख्यमंत्री सतीशन और उनकी कैबिनेट के मंत्रियों ने शपथ ली थी. इसके बाद सरकार का अगला बड़ा काम यह तय करना था कि किस मंत्री को कौन सा विभाग दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के विभागों की सूची तैयार कर राज्यपाल को भेजी थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है. इसके साथ ही साफ हो गया है कि नई सरकार में किस मंत्री के पास कौन सी जिम्मेदारी रहेगी.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने अपने पास कई अहम विभाग रखे हैं. वे वित्त और कानून के अलावा सामान्य प्रशासन और पोर्ट्स जैसे महत्वपूर्ण महकमों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को गृह और विजिलेंस समेत पांच विभागों की जिम्मेदारी दी गई है.

किस मंत्री को मिला कौन सा बड़ा विभाग?

Advertisement

गठबंधन के अहम सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी को उद्योग, वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्टार्टअप, माइनिंग और हैंडलूम-टेक्सटाइल जैसे विभाग सौंपे गए हैं. वहीं, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) अध्यक्ष सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी मिली है.

जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य, देवस्वम, फूड सेफ्टी और मेडिकल एजुकेशन समेत कुल 7 विभाग दिए गए हैं. शिक्षा से जुड़े विभागों में रोजी एम. जॉन को उच्च शिक्षा और एन. शम्सुद्दीन को सामान्य शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, ए.पी. अनिल कुमार भूमि और राजस्व विभाग संभालेंगे.

गठबंधन के दूसरे सहयोगी दलों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) के विधायक शिबू बेबी जॉन को वन, वन्यजीव संरक्षण और स्किल डेवलपमेंट विभाग मिला है. इसके अलावा, केरल कांग्रेस (जोसेफ) के विधायक मॉन्स जोसेफ सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता और आवास विभाग संभालेंगे. विभागों का बंटवारा तय होने के बाद अब केरल की नई सरकार पूरी तरह कामकाज शुरू करने के लिए तैयार है. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »