प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ द्विपक्षीय बातचीत की. इस मुलाकात का मकसद भारत और पोलैंड के रिश्तों की समीक्षा करना और व्यापार, रक्षा, टेक्नोलॉजी समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्ते तलाशना है.
डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं. यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम है. इससे पहले गुरुवार सुबह टस्क ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी गुरुवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्होंने भारत-पोलैंड सहयोग को कई क्षेत्रों में गहरा करने को लेकर टस्क के विचारों की सराहना की. उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ टस्क की बैठक के जरिए दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की उम्मीद करते हैं.
यह भी पढ़ें: NATO देशों पर हाइब्रिड हमले की फिराक में रूस, पोलैंड के PM डोनाल्ड टस्क की चेतावनी
2010 के बाद पोलैंड के PM का पहला भारत दौरा
डोनाल्ड टस्क बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे थे. उनके साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी आया है. टस्क भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे. इसके बाद 23 अक्टूबर को वह बेंगलुरु जाएंगे, जहां भारत के सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बातचीत करेंगे.
भारत और पोलैंड ने अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था. मौजूदा दौरा 2010 के बाद किसी पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है.
यह भी पढ़ें: Russia-Ukraine Conflict: यूक्रेन के लुहान्स्क और डोनेटस्क को रूस ने घोषित किया आजाद मुल्क
व्यापार बढ़ाकर 10 अरब डॉलर करने का लक्ष्य
भारत में पोलैंड के पूर्व राजदूत एडम बुराकोव्स्की के मुताबिक, दोनों देश सालाना द्विपक्षीय व्यापार को करीब 6 अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक ले जाना चाहते हैं. उन्होंने कारोबारियों के बीच साझेदारी बढ़ाने में बिजनेस फोरम की भूमिका को अहम बताया. उनके मुताबिक, रक्षा और अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी भी सहयोग के प्रमुख क्षेत्र हैं. भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता भी आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है.
aajtak.in