IAS अफसर अवनीश शरण एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार चर्चा उनकी किसी सरकारी काम या पढ़ाई लिखाई को लेकर नहीं, बल्कि उनके फिटनेस से जुड़ी है. 45 साल के उम्र में इस अफसर ने अपनी फिटनेस जर्नी के आंकड़े और फोटोज शेयर कर लोगों को चौंका दिया है. इस आईएएस ने न सिर्फ बॉडी बनाई है, बल्कि अपनी ब्लड रिपोर्ट को भी पूरी तरह बदलकर रख दिया है. कोविड के बाद शुरू हुई फिटनेस जर्नी...
बिहार के रहने वाले और छत्तीसगढ़ कैडर के IAS अवनीश शरण ने बताया कि साल 2020 में उनकी उम्र 39 साल थी. तब उन्होंने हेल्दी और फिट रहने के अपनी फिटनेस यात्रा शुरू की. शुरुआत में वर्कलोड, फैमिली की जिम्मेदारी और जिंदगी की तमाम व्यस्तताओं के कारण नियमितता बनाए रखना मुश्किल रहा. इसके बाद साल 2024 में हुई सर्जरी के कारण उन्हें कुछ समय तक ट्रेनिंग भी रोकनी पड़ी.
जून 2025 से शुरू हुआ नया अध्याय
आईएएस अफसर शरण ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, जून 2025 से उन्होंने फिर से शुरुआत की, लेकिन इस बार टारगेट तेजी से वजन कम करना नहीं था. उन्होंने खुद को अनुशासन, धैर्य और निरंतरता के लिए तैयार किया.
इसके लिए फॉर्मूला बेहद सरल था. उन्होंने स्मार्ट तरीके से ट्रेनिंग ली और संतुलित व पौष्टिक भोजन समेत पर्याप्त नींद पर ध्यान दिया. हर दिन इसी रूटीन को दोहराना जारी रखा.
ऐसा था वर्कआउट प्लान
अवनीश शरण के अनुसार, उनकी फिटनेस रूटीन में 5-6 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, मसल्स बढ़ाने के लिए प्रोग्रेसिव ओवरलोड, लिमिटेड लेकिन रेगुलर कार्डियो, रोजाना वॉक और एक्टिव लाइफस्टाइल. रिकवरी और मोबिलिटी पर खास ध्यान शामिल था.
डाइट में क्या रखा शामिल?
फिटनेस जर्नी के लिए सबसे अहम यानी डाइट में अवनीश शरण ने हाई-प्रोटीन और घर के बने खाने को ही तवज्जो दी. उनकी डाइट में भरपूर प्रोटीन शामिल रहे. इसके अलावा रोजाना कैलोरी ट्रैकिंग, कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट्स, भरपूर फल और सब्जियां और पर्याप्त पानी था. साथ ही उन्होंने प्रोसेस्ड फूड और चीनी का सेवन कम रखा और नियमित रूप से वजन और ब्लड टेस्ट भी कराते रहे.
बेटी के बर्थडे तक तय किया था टारगेट
1 जनवरी 2026 को उन्होंने एक खास लक्ष्य तय किया कि बेटी वेदिका के 27 जून के बर्थडे तक अपनी सबसे अच्छी फिजीक हासिल करनी है. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रुद्राणी ने इस पूरे सफर में उनका भरपूर साथ दिया.
ब्लड रिपोर्ट ने भी चौंकाया
आईएएस अफसर ने सितंबर 2025 और मई 2026 की ब्लड रिपोर्ट शेयर करते हुए बताया कि उनकी सेहत में बड़ा बदलाव आया. उनका कुल कोलेस्ट्रॉल 278 से घटकर 158 तक आ गया यानी कुल 43 फीसदी गिरावट आ गई.
वहीं, LDL (बैड कोलेस्ट्रॉल) 205.2 से घटकर 83 मतलब सीधे 60 फीसदी कमी. इसके अलावा, HDL (गुड कोलेस्ट्रॉल) 51 से बढ़कर 62.8 हो गया यानी इसमें 23 प्रतिशत का सुधार हुआ. साथ ही ट्राइग्लिसराइड्स भी 43% गिरकर 109 से घटकर 61.9 तक पहुंच गया.
डॉक्स्टर्स के अनुसार, यह रिपोर्ट दर्शाती है कि उनके दिल की बीमारियों का खतरा अब लगभग समाप्त या न्यूनतम हो चुका है और मेटाबोलिक हेल्थ पूरी तरह दुरुस्त है.
लोगों को दी ये सलाह
अपनी पोस्ट में IAS अवनीश शरण ने फिटनेस शुरू करने वालों के लिए कुछ अहम सुझाव भी दिए. बताया कि एक्सरसाइज और डाइट लेने की शुरुआत से पहले हेल्थ चेकअप कराएं ताकि असल और हासिल किए जा सकने वाले लक्ष्य तय करें. स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को प्राथमिकता दें. रोज पर्याप्त प्रोटीन लें. रोज पैदल चलें और एक्टिव रहें. 6 से 8 घंटे की अच्छी नींद लें. केवल वजन नहीं, बल्कि ब्लड रिपोर्ट और कमर के माप से भी प्रगति मापें. धैर्य रखें, क्योंकि स्थायी परिणाम समय लेते हैं.
'39 से ज्यादा फिट हूं 45 की उम्र में'
अवनीश शरण ने लिखा कि उनकी सबसे बड़ी अचीवमेंट वजन कम करना नहीं, बल्कि यह है कि 45 साल की उम्र में वे 39 साल की तुलना में ज्यादा स्वस्थ हैं. उनके मुताबिक, "मोटिवेशन से ज्यादा ताकतवर डिसिप्लिन यानी अनुशासन है, परफेक्शन से ज्यादा जरूरी कंसिस्टेंसी यानी निरंतरता है और स्वास्थ्य सबसे बड़ा निवेश है."
aajtak.in