पानी के विवाद में हैवानियत... महिला को सरेआम निर्वस्त्र कर पीटा, CM बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं, पार्टी पदाधिकारी को सस्पेंड किया जा रहा

आंध्र प्रदेश के गुंटूर में पड़ोसियों के बीच बोरवेल मोटर को लेकर शुरू हुआ विवाद शर्मनाक वारदात में बदल गया. आरोप है कि एक महिला को सड़क पर निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

Advertisement
मुख्यमंत्री बोले- महिला का अपमान अस्वीकार्य. (Photo: Representational) मुख्यमंत्री बोले- महिला का अपमान अस्वीकार्य. (Photo: Representational)

अपूर्वा जयचंद्रन

  • गुंटूर,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:45 PM IST

आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां पड़ोसियों के बीच पानी के बोर मोटर को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया. आरोप है कि एक महिला को सड़क पर खींचकर उसके साथ मारपीट की गई और उसे निर्वस्त्र कर दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया. मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement

घटना गुंटूर के नगारामपालेम थाना क्षेत्र की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो पड़ोसियों के बीच लंबे समय से बोरवेल मोटर के इस्तेमाल को लेकर विवाद था. इसी विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया.

बहस के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की महिला को निशाना बनाया. आरोप है कि महिला को सड़क पर खींचकर उसके साथ मारपीट की गई और सार्वजनिक रूप से उसे निर्वस्त्र कर दिया गया. घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि वीडियो भी रिकॉर्ड किए गए.

वीडियो वायरल होने के बाद नगारामपालेम पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया. पुलिस ने CCTV फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Advertisement

इस मामले में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि किसी भी महिला का अपमान पूरी तरह अस्वीकार्य है और सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि मामले में तत्काल आपराधिक केस दर्ज किया गया है, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में कथित रूप से शामिल पार्टी पदाधिकारी को निलंबित किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: उज्जैन में महिला के साथ हैवानियत, बाल काटे, कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, वीडियो वायरल होते ही 11 गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का रुख पूरी तरह स्पष्ट है. कानून सभी पर समान रूप से लागू होगा और किसी को भी राजनीतिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलेगा. 

राज्य के मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि जो लोग यह समझते हैं कि राजनीतिक संबंध या पार्टी से जुड़ाव उन्हें बचा सकता है, वे गलतफहमी में हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया है और संबंधित पार्टी कार्यकर्ता को सभी संगठनात्मक पदों से हटा दिया गया है.

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि महिला की गरिमा भंग करने और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वायरल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »