'आपकी विरासत को बर्बाद....', पर्यावरण दिवस पर राहुल गांधी ने फिर उठाया ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट का मुद्दा, शेयर किया VIDEO

पर्यावरण दिवस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से केंद्र सरकार के ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट का मुद्दा उठाया है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट का मकसद एक व्यापारी को फायदा पहुंचाना है. ये देश हित में नहीं है.

Advertisement
राहुल गांधी निकोबार में (Photo Credit; Rahul Gandhi X Handle) राहुल गांधी निकोबार में (Photo Credit; Rahul Gandhi X Handle)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पर्यावरण दिवस पर ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट का मुद्दा फिर से उठाया है.राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है.उन्होंने कहा है कि सरकार ग्रेट निकोबार परियोजना को ट्रांसशिपमेंट पोर्ट और डिफेंस प्रोजेक्ट के तौर पर पेश कर रही है, लेकिन इसका मकसद एक बड़े कारोबारी को फायदा पहुंचाना है.इस परियोजना को सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा कदम बता रही है, लेकिन यह प्रोजेक्ट देश की विरासत को बर्बाद कर सकता है.

Advertisement

राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी किया है.यह वीडियो उनके अप्रैल में किए गए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दौरे का है. राहुल गांधी ने कहा है कि ग्रेट निकोबार परियोजना से पर्यावरण को बहुत नुकसान हो सकता है. इस परियोजना में पेड़ काटे जाएंगे. इस इलाके में रहने वाले जनजातीय समुदायों को यहां से विस्थापित होना पड़ेगा.सरकार का यह कदम देश हित में ठीक नहीं है. इसके जरिए सरकार रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा का तर्क देकर अपने वास्तविक उद्देश्य को छिपाने की कोशिश कर रही है.


आईएनएस बाज़ बेस के विस्तार को कांग्रेस का समर्थन

 

 

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस भारतीय नौसेना के आईएनएस बाज़ बेस के विस्तार का समर्थन पूरी तरह करती है. बेस का विस्तार सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है.नौसेना कई सालों से इसकी मांग भी कर रही है,हालांकि उसपर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है.दूसरी तरफ, सरकार इस परियोजना में ट्रांसशिपमेंट पोर्ट बनाने की जरूरत का हवाला दे रही है,लेकिन देश में पहले से ही इंटरनेशनल सी-पोर्ट विकसित किए जा रहे हैं. 

Advertisement

एक व्यापारी के फायदे के लिए करोड़ों पेड़ काटे जाएंगे

राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रेट निकोबार परियोजना के तहत 1.5 करोड़ पेड़ काटे जाएंगे. कई महत्वपूर्ण कोरल रीफ्स को आधिकारिक दस्तावेजों से हटा दिया गया है.निकोबार में रहने वाले समुदायों को वहां से हटाया जाएगा. कभी भारत सरकार ने उनको बसाया था. यह सब इसलिए ताकि वहां होटल, कैसीनो और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट बन सके.उन्होंने दावा किया कि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा भी नहीं मिल रहा है. 

निकोबार को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में काम हो

राहुल गांधी ने कहा कि ग्रेट निकोबार भारत के सबसे संवेदनशील और समृद्ध क्षेत्रों में से एक है. लेकिन इस परियोजना से समुद्री जैव विविधता के साथ- साथ निकोबार की आदिवासी संस्कृति को काफी नुकसान पहुंचेगा. राहुल गांधी ने कहा कि ग्रेट निकोबार को नष्ट करने के बजाय इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में सरकार को काम करना चाहिए. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »