दिवाली से पहले नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी, बिग बास्केट-ब्लिंकिट समेत 16 स्टोरों को नोटिस

गौतमबुद्धनगर में दिवाली से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 24-25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों पर छापेमारी की.

Advertisement
दिवाली से पहले मिलावटी खाद्य की बिक्री रोकने के लिए छापेमारी की जा रही है दिवाली से पहले मिलावटी खाद्य की बिक्री रोकने के लिए छापेमारी की जा रही है

भूपेन्द्र चौधरी

  • ग्रेटर नोएडा,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:14 AM IST

दिवाली से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग की अलग-अलग टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों पर छापेमारी कर जांच की. इस दौरान साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने पर 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए गए. वहीं, पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

Advertisement

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया. यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने और जरूरी अभिलेख मौके पर पेश नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए. जोमैटो हाइपरमार्ट में भी कमियां मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की.

दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई. जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया. इसके अलावा साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की भी जांच की. इन स्टोरों पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने और आवश्यक अभिलेख समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस दिए गए. सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दाने का नमूना लिया गया.

Advertisement

इसी तरह ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना संग्रहित किया गया. तीनों नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण के दौरान कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिली. इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया. मौके पर जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टोर को सुधार नोटिस भी जारी किया गया.

इसके अलावा पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियोमार्ट, पी-3 स्थित केवी एंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (स्विगी स्टोर), शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो डार्क स्टोर और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर की भी जांच की गई.

निरीक्षण के दौरान कई स्टोरों पर कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को स्टोर से निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जैसे जरूरी दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए. विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुधार करने और सभी दस्तावेज स्टोर पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं.

Advertisement

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही खाद्य सामग्री प्राप्त की जाए और उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए. निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के भी निर्देश दिए गए हैं.

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दिवाली के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है. अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि जनपद के लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »