सरकारी जैसा डिजाइन, नेताओं की तस्वीरें... वेबसाइट बनाकर बेचने लगे लॉटरी टिकट, सामने आई ठगी की कहानी

तिरुवनंतपुरम में एक फर्जी वेबसाइट के जरिए केरल स्टेट लॉटरी डॉयरेक्टरेट के नाम पर ऑनलाइन लॉटरी टिकट बेचने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद केरल पुलिस की साइबर शाखा ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वेबसाइट पर प्रतीक चिह्न और बड़े त की तस्वीरें लगाकर लोगों को असली साइट जैसा भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही थी.

Advertisement
फर्जी वेबसाइट पर बेच रहे थे केरल लॉटरी टिकट. (Photo: Representational) फर्जी वेबसाइट पर बेच रहे थे केरल लॉटरी टिकट. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • तिरुवनंतपुरम,
  • 12 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:34 AM IST

केरल में लॉटरी के नाम पर लोगों को ठगने का मामला सामने आया है. तिरुवनंतपुरम में साइबर पुलिस ने एक फर्जी वेबसाइट का पता लगाया है, जो खुद को आधिकारिक केरल स्टेट लॉटरी वेबसाइट बताकर लोगों को ऑनलाइन टिकट खरीदने का लालच दे रही थी. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

एजेंसी के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि ये कार्रवाई केरल स्टेट लॉटरी निदेशालय की शिकायत के बाद की गई. विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक संदिग्ध वेबसाइट सरकारी लॉटरी के नाम का इस्तेमाल कर रही है.

Advertisement

शिकायत मिलने के बाद साइबर शाखा ने जांच शुरू की और पाया कि वेबसाइट सरकारी पोर्टल की तरह डिजाइन की गई थी. वेबसाइट पर सरकारी प्रतीक चिह्न, मंत्रियों की तस्वीरें और विभाग से जुड़ी कई जानकारियां भी डाली गई थीं, ताकि लोगों को यह असली वेबसाइट लगे.

लोगों को दिया जाता था बड़े इनाम का लालच

शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वेबसाइट खुद को केरल स्टेट लॉटरी का आधिकारिक प्लेटफॉर्म बताकर ऑनलाइन टिकट बेचने का दावा कर रही थी. वेबसाइट पर लॉटरी टिकट खरीदने का ऑप्शन दिया गया था और लोगों को बड़े इनाम का लालच भी दिखाया जा रहा था.

पुलिस के अनुसार, इस वेबसाइट के जरिए लोगों को वॉट्सएप पर भी लॉटरी से जुड़ी जानकारी भेजी जा रही थी. जो लोग वेबसाइट पर लॉग इन करते थे, उन्हें वॉट्सएप के माध्यम से अलग-अलग ऑफर और लॉटरी स्कीम के बारे में मैसेज भेजे जाते थे.

Advertisement

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस वेबसाइट के जरिए कितने लोगों को ठगा गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कितने लोगों ने इस वेबसाइट के जरिए लॉटरी टिकट खरीदे और कितना पैसा इस धोखाधड़ी में शामिल लोगों के पास गया.

यह भी पढ़ें: फर्जी वेबसाइट बनाकर बेरोजगारों से कर रहे थे ठगी... गोरखपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार, QR कोड से लेते थे पैसे

जांच एजेंसियां वेबसाइट बनाने और संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं. इसके लिए तकनीकी टीम वेबसाइट के सर्वर, डोमेन रजिस्ट्रेशन और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है. इस मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है.

केरल की लॉटरी पूरे देश में काफी लोकप्रिय है. राज्य सरकार द्वारा संचालित यह लॉटरी सिस्टम कई वर्षों से चल रहा है और इससे राज्य को बड़ा राजस्व भी मिलता है. खास बात यह है कि केरल लॉटरी के टिकट सिर्फ केरल ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों के लोग भी खरीदते हैं.

सरकार के लॉटरी सिस्टम में मिलता है पुरस्कार

सरकार के लॉटरी सिस्टम के तहत हर दिन अलग-अलग लॉटरी ड्रॉ आयोजित किए जाते हैं. इन ड्रॉ में बड़ी पुरस्कार राशि भी दी जाती है, जिसके कारण लोगों में इसकी काफी लोकप्रियता है. इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर ठगों ने फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की.

Advertisement

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें. किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें.

आरोपियों की पहचान करने में जुटी पुलिस

साइबर पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही इस फर्जी वेबसाइट के पीछे काम करने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस धोखाधड़ी में कोई संगठित साइबर गिरोह शामिल है.

अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति ने इस वेबसाइट के जरिए टिकट खरीदा है या उससे जुड़ा कोई मैसेज प्राप्त हुआ है, तो वह तुरंत पुलिस या साइबर सेल को इसकी जानकारी दे, ताकि जांच में मदद मिल सके और आगे होने वाली धोखाधड़ी को रोका जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement