साइक्लोन अर्नब का आंध्र प्रदेश-ओडिशा में ग्राउंड पर क्या रहा इम्पैक्ट? देखें 5 VIDEOS

साइक्लोन अर्नब ने 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल किया. IMD के मुताबिक, इस दौरान हवा की रफ्तार 125–135 किमी/घंटा रही और झोंके 150 किमी/घंटा तक पहुंचे. देखें आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तूफान के असर के 5 वीडियो.

Advertisement
साइक्लोन अर्नब ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश में जमकर तबाही मचाई है. (Photo-PTI) साइक्लोन अर्नब ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश में जमकर तबाही मचाई है. (Photo-PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:19 AM IST

समंदर से उठे साइक्लोन अर्नब ने 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल किया. तूफान के असर से तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई. काकीनाडा और विशाखापत्तनम में कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं. कुछ सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा रही और झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे. आंध्र प्रदेश के बाद ओडिशा के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया.

Advertisement

काकीनाडा में पेड़ उखड़े, बिजली की लाइनें टूटीं

साइक्लोन अर्नब के असर से काकीनाडा में तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ उखड़ने और बिजली की लाइनें टूटने की खबरें आईं. इससे कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. राहत टीमें सड़कों पर गिरे पेड़ों और दूसरी बाधाओं को हटाने में जुटीं है. वहीं समुद्र का पानी कई घरों के अंदर पहुंच गया. लोगों के घरों में पानी के साथ-साथ बड़ी मात्रा में कचरा भी जम गया है. लोग अपने घरों की साफ-सफाई करते हुए नजर आ रहे है.

विशाखापत्तनम में बारिश से यातायात प्रभावित

विशाखापत्तनम में तेज हवाओं और भारी बारिश का असर सड़कों पर भी दिखा. बीच रोड और सीतम्माधारा जैसे इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ. प्रशासन की टीमें रास्ते साफ करने और लोगों की आवाजाही बहाल करने के लिए काम करती रहीं.

Advertisement

मछलीपट्टनम में तेज हवाएं और जलभराव

आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में भी तूफान के दौरान तेज हवाएं और भारी बारिश हुई. सड़कों पर पानी भरने और पेड़ गिरने से कुछ इलाकों में आवाजाही प्रभावित होने की जानकारी सामने आई. राहत टीमें सड़कों से गिरे पेड़ और होर्डिंग हटाकर रास्ते साफ करने में जुटीं.

दीघा में समुद्र की ऊंची उठीं लहरें

पश्चिम बंगाल के दीघा में समुद्र की लहरों में उफान देखने को मिला. ओल्ड दीघा बीच पर ऊंची लहरों के बीच प्रशासन सतर्क रहा. खराब मौसम के दौरान समुद्र के करीब जाना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए तटीय इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

पुरी बीच पर उफनती लहरों के बीच जमा हुए लोग

ओडिशा के पुरी बीच पर भी समुद्र में ऊंची लहरें उठने की तस्वीरें सामने आईं. कुछ लोग लहरों के बीच किनारे पर जमा होते दिखे. चक्रवात के असर के दौरान समुद्र के पास जाना खतरनाक हो सकता है. प्रशासन ने तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया.

आंध्र और ओडिशा में राहत-बचाव टीमें अलर्ट

साइक्लोन अर्नब के असर को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में राहत और बचाव की तैयारियां की गईं. संवेदनशील और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई. NDRF और दूसरी आपातकालीन टीमें भी तैनात की गईं.

Advertisement

IMD के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रहने की आशंका थी. ऐसे में लोगों को समुद्र से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »