कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जारी है और इसके खात्मे के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि करीब 87 लाख से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं. गोवा, उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत 8 राज्यों में पात्र स्वास्थ्यकर्मियों में से 60 फीसदी से अधिक लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है. जबकि दिल्ली और कर्नाटक टीकाकरण को लेकर फिसड्डी राज्यों में शुमार हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज मंगलवार को पीसी में बताया कि लद्दाख, झारखंड, असम, उत्तर प्रदेश (यूपी), तेलंगाना, त्रिपुरा, गुजरात और गोवा ने पात्र स्वास्थ्यकर्मियों के 60% से अधिक को दूसरी डोज दे दी है. इनमें से गोवा ने 100 फीसदी डोज दे दी है. जबकि गुजरात (86%), त्रिपुरा (85.9%), तेलंगाना (81.6%) और उत्तर प्रदेश (81.2%) ही सबसे आगे चल रहे हैं. जबकि असम, झारखंड और लद्दाख में 60 फीसदी से ज्यादा पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज दी गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा कि राजस्थान, सिक्किम, झारखंड, मिजोरम, केरल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, बिहार, छत्तीसगढ़, एमपी, उत्तराखंड और लक्षदीप में 70% से अधिक पंजीकृत स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है.
11 राज्य-UT फिसड्डी
हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राजधानी दिल्ली समेत 11 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां पंजीकृत स्वास्थ्यकर्मियों में से 50 फीसदी से कम को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है. दिल्ली में यह दर 42.36 फीसदी है तो सबसे कम दर पुडुचेरी का है जहां 22.62 फीसदी लोगों को ही डोज दी गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि केरल और महाराष्ट्र में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या अभी भी ज्यादा है. इन दो राज्यों में देश के कुल एक्टिव केस का 72 फीसदी है. केरल में 61,550 और महाराष्ट्र में 37,383 एक्टिव केस हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने देश में जारी कोरोना टीकाकरण के बारे में बताया कि अब तक 87,40,595 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं. 61,11,968 (60.5%) स्वास्थ्यकर्मियों को पहली डोज तो 1,70,678 (37.5%) को दूसरी डोज दी जा चुकी है. जबकि 24,57,949 (26.3%) फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है.
भूषण ने कहा कि देश में इस समय कोरोना के 1.40 लाख से कम एक्टिव केस हैं. महामारी की पॉजिटिविटी रेट 5.27% है. कोरोना के रोजाना नए संक्रमण के बारे में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में पिछले 7 दिनों में प्रति 10 लाख आबादी पर 56 नए मामले दर्ज किए गए.
मिलन शर्मा