बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में छात्र प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. प्रदर्शन के लिए पहुंच रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और उन्हें मौके पर इकट्ठा नहीं होने दिया जा रहा है. मौके पर मौजूद जानकारी के अनुसार, लेफ्ट छात्र संगठनों से जुड़े छात्र गांधी मैदान पहुंच रहे हैं. हालांकि, जैसे ही छात्र वहां पहुंचते हैं, पुलिस उन्हें पकड़कर वहां से हटा रही है.
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गांधी मैदान पहुंचे हैं. इन सब के बीच तेजप्रताप को भी पुलिस ने डिटेन कर लिया है. जब उन्हें गांधीमैदान थाना क्षेत्र के एकजवविशन रोड से हिरासत में लिया जा रहा था तो उन्होंने कहा कि हम अपने युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और अपने युवाओं के लिए मर-मिटने को भी तैयार हैं.
प्रदर्शनकारियों ने क्या कहा?
प्रदर्शनकारी लड़की: इधर हम लोगों को मारकर भगाया गया. पहली बात, हम लोग वहां शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनसे यह देखा नहीं गया. पहले तो हमें गेट के अंदर से बाहर निकाला गया. फिर हम लोग सामान्य तरीके से नारे लगाते हुए जा रहे थे, तभी हमें पीछे से दौड़ाया गया. लाठीचार्ज किया गया. बिना यह देखे कि कौन नाबालिग है, कौन बच्चा है, कौन बड़ा है, लड़का है या लड़की. किसी को नहीं देखा गया. हम लोगों को मारा गया.
रिपोर्टर: आपकी मांग क्या है?
प्रदर्शनकारी लड़की: हम लोगों की बस यही मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. प्रधानमंत्री मोदी इस्तीफा दें. बस, और कुछ नहीं.
रिपोर्टर: आप कहां पढ़ाई करती हैं?
प्रदर्शनकारी लड़की: मैं 10वीं की छात्रा हूं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में वीकेंड पर रात 8 बजे ही बंद होंगी शराब की दुकानें, CJP आंदोलन के बीच सरकार का बड़ा फैसला
क्या है ग्राउंड जीरो की हालत?
पटना में छात्रों को सड़कों पर इकट्ठा नहीं होने दिया जा रहा है. जिस तरह से बंद का आह्वान किया गया है, उसे लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. मोना सिनेमा है, उसे भी एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है. पुलिस लगातार अपनी कार्रवाई कर रही है.
सड़कों पर छात्रों को एकत्रित नहीं होने दिया जा रहा है, क्योंकि 22 जुलाई को पटना में जो उपद्रव हुआ था, उसमें कई छात्रों की पहचान की गई है. पटना के एसएसपी ने भी शुक्रवार बयान दिया था कि प्रदर्शन के लिए बाहरी छात्रों को बुलाया गया था. सभी की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
वहीं, आज बंद के दौरान पटना के अलग-अलग इलाकों में जहां-जहां छात्र इकट्ठा हो रहे हैं, वहां पुलिस उन्हें हटा रही है. अब देखना होगा कि छात्रों द्वारा दिए गए इस बंद के आह्वान को कितना समर्थन मिलता है और यह कितना सफल हो पाता है.
डाकबंगला चौराहा पर पुलिस ने भांजी लाठियां
पटना के डाकबंगला चौराहा पर छात्रों के हंगामे और स्थिति बिगड़ने क के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
सुजीत कुमार