पहाड़ों पर कुदरत का कहर! कुल्लू में बिल्डिंग गिरी, उत्तराखंड-हिमाचल में बादल फटने से 11 मौतें, 44 लोग लापता

हिमाचल प्रदेश के दो जिलों में बादल फटने से भारी तबाही की खबर है. बादल फटने की घटना कुल्लू और मंडी जिले में हुई है. कुल्लू के रामपुर क्षेत्र के समेज स्थित एक पॉवर प्लांट प्रोजेक्ट के कई लोग बादल फटने के बाद से लापता हैं. वहीं मंडी जिले में बादल फटने के बाद एक शव बरामद हो चुका है जबकि कई और लापता हैं.

Advertisement
पहाड़ों पर कुदरत का कहर (फोटो- PTI) पहाड़ों पर कुदरत का कहर (फोटो- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 अगस्त 2024,
  • अपडेटेड 11:28 AM IST

दिल्ली समेत देश के कई शहरों से बारिश से बर्बादी की खबरें आ रही हैं. देश के बड़े इलाकों में मॉनसूनी आफत बरस रही है. दिल्ली में कल (31 जुलाई) रिकार्डतोड़ बारिश हुई है, आज भी भारी बारिश का अनुमान है. हिमाचल में कुल्लू और शिमला जिले के करीब बादल फटा है, इसमें करीब 44 लोग लापता बताए जा रहे हैं और 9 लोगों की मौत हो गई है. उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल और केरल के वायनाड में भी बादल फटने की घटना हुई है. यानी मैदान से पहाड़ों तक बारिश का कहर जारी है.

Advertisement

कुल्लू और मंडी में बादल फटने से कोहराम

हिमाचल प्रदेश के दो जिलों में बादल फटने से भारी तबाही की खबर है. बादल फटने की घटना कुल्लू और मंडी जिले में हुई है. कुल्लू के रामपुर क्षेत्र के समेज स्थित एक पॉवर प्लांट प्रोजेक्ट के कई लोग बादल फटने के बाद से लापता हैं. 20 से ज्यादा मकान जमींदोज हो गए हैं और कई गाड़ियां बह गईं हैं, इलाके का स्कूल भी बाढ़ में बह गया. वहीं मंडी जिले में बादल फटने के बाद एक शव बरामद हो चुका है जबकि कई लापता हैं. मंडी जिला प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए एयरफोर्स को अलर्ट किया है. मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटे हैं.

कई लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल

एयरफोर्स के साथ एनडीआरएफ से भी मदद की मांग की गई है. थलटूखोड में फंसे हुए लोगों तक पहुंच पाना संभव नहीं हो पा रहा है इसलिए अब एयरफोर्स और एनडीआरएफ की मदद से लोगों को निकाला जाएगा. हिमाचल प्रदेश के शिमला और कुल्लू जिला के रामपुर से सटे पंद्रह बीस इलाकों में बादल फटने से भारी तबाही हुई है. जानकारी के मुताबिक श्रीखंड की पहाड़ियों पर नैन सरोवर के आसपास बादल फटने से कुर्पण, समेज़ और गानवी खड्ड में भयंकर बाढ़ आई है. शिमला जिले के गानवी और कुल्लू जिले के बागीपुल बाज़ार में नाले में उफान से तबाही हुई है.

Advertisement

घंसाली में बादल फटने से तबाही

उत्तराखंड में मंगलवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जमकर तबाही मचाई है. टिहरी में पहले भारी बारिश हुई और उसके बाद बादल फट गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. केदारनाथ मार्ग पर भी बादल फटा और नेशनल हाईवे का एक हिस्सा सैलाब की भेंट चढ़ गया. इससे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को भी भारी नुकसान हुआ है. रामबाड़ा से लिनचोली के बीच जगह जगह पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है. रामबाड़ा में मंदाकिनी नदी पर स्थित दो पुल बह गए. ये पुल पुराने मार्ग पर स्थित थे. इस मार्ग को यात्री और घोड़े संचालक शॉर्टकट रास्ते के रूप में उपयोग करते थे. कल रात की बारिश में मंदाकिनी नदी के तेज बहाव में ये पुल बह गए. इसके अलावा हरिद्वार, नैनीताल और बागेश्वर से भी जल प्रलय की तस्वीरें सामने आ रही हैं.

रामबाड़ा में बह गए दो पुल

टिहरी जिले के घंसाली केदारनाथ मोटर मार्ग पर जखनियाली के पास बादल फटने से दो लोग मलबे में जिंदा दफन हो गए और एक अन्य लापता है. घंसाली के जखनयाली गांव में कल देर रात हुई आपदा की घटना के बाद उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जखनियाली निवासी प्रधान प्रतिनिधि दीपक श्रीयाल से फोन के माध्यम से बात कर स्थिति का जायजा लिया. सीएम में कहां कि वह सभी अधिकारियों से बात कर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं. जखनियाली आपदा में अब तक एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई वहीं एक साधु अभी भी लापता बताया जा रहा है.

Advertisement

कुल्लू में नदी में समा गई पूरी इमारत

कुल्लू में भारी बारिश के बाद व्यास और पार्वती नदी उफान पर हैं. जिसका असर वहां किनारे बसे इलाकों पर दिख रहा है. व्यास नदी की उफनती लहरों ने एक निर्माणाधीन इमारत को जमींदोज कर दिया. नदी में उफान के बाद कुल्लू-मनाली NH 3 बाधित हो गया है.

ग्रेटर नोएडा में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत

ग्रेटर नोएडा में भी बारिश से कहर जारी है. दादरी कस्बे में बारिश के बाद बड़ा हादसा हुआ. यहां दीवार गिरने से एक महिला और पुरुष की मौत हो गई. बारिश के बाद अचानक गिरी दीवार से दो लोगों की मौत हो गई, फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच गई है और जांच जारी है.

भरभरा कर गिरी रेलवे की पुरानी बाउंड्री वॉल

बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रामबाग में रेलवे की पुरानी बाउंड्री वॉल भरभरा कर गिर गई. बाउंड्री वॉल गिरने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. करीब 14 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल गिरने से कई वाहन मलबे के नीचे दब गए. बाउंड्री वॉल गिरने से बिजली का खंबा भी क्षतिग्रस्त हो गया.

वायनाड लैंडस्लाइड्स ने बदल दी इरुवाझिंजी नदी की दिशा

Wayanad Landslide

केरल के वायनाड में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 256 के करीब पहुंच गई है. सोमवार को वायनाड पर टूटे कुदरत के कहर के बाद पहाड़ी की चोटी से पानी के तेज़ बहाव ने छोटी इरुवाझिंजी नदी के बहने की दिशा बदल दी, जिससे उसके किनारों पर मौजूद हर चीज़ डूब गई. जहां पहले हरियाली दिखाई देती थी, वहां अब सिर्फ मलबा नज़र आ रहा है. हालात इतने पेजीदा हो गए हैं कि 3 दिन के बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा नहीं हो पाया है. मौसम विभाग ने आज भी केरल में बारिश का अलर्ट जारी किया है, यहां तक कि बारिश का ये सिलसिला 4 अगस्त तक जारी रहने वाला है. केरल में कुल 14 जिले हैं. जिनमें से 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं, 6 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

Advertisement

जयपुर में जलभराव, पिता के साथ 3 बच्चे लापता

राजस्थान के जयपुर में भी आफत की बारिश जारी है. शहर की सड़कें, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, पुलिस थाने, अस्पताल सभी दरिया बन गए हैं. कच्ची बस्तियां पुरी तरह जलमग्न हो गई हैं. सिविल डिफेंस की टीम मोटर से घरों से पानी निकाल रही हैं. यहां पानी भरने के बाद से पिता के साथ 3 बच्चे लापता हो गए हैं. हालांकि सिविल डिफेंस को अभी तक किसी की बॉडी नहीं मिली.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »