केरलम के कोच्चि के पास मुनंबम इलाके में एक आइस प्लांट में अमोनिया गैस लीक होने से हड़कंप मच गया. इस घटना में कम से कम 11 लोग सांस लेने में तकलीफ के कारण बीमार पड़ गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है और प्रभावित लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
एजेंसी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ, जब आइस प्लांट में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया. अमोनिया एक तीखी गंध वाली जहरीली गैस होती है, जो सांस के जरिए शरीर में जाने पर आंखों और फेफड़ों पर गंभीर असर डाल सकती है. जैसे ही गैस फैली, आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी.
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल करने में जुट गई. कुछ ही समय में फायर कर्मियों ने रिसाव को काबू में कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
यह भी पढ़ें: बिहार: कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस लीक, इलाके में पानी का छिड़काव; देखें मौके से तस्वीरें
गैस के संपर्क में आए लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी शिकायतें होने लगीं. एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित लोगों को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. डॉक्टरों के अनुसार सभी 11 मरीजों की हालत अब स्थिर है और उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार है.
पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आइस प्लांट के किसी तकनीकी हिस्से में खराबी के चलते अमोनिया गैस का रिसाव हुआ होगा, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
स्थानीय प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों की जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इलाके में सतर्कता बरती जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल जरूर बना, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया.
aajtak.in