आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने दिल्ली-नोएडा समेत देश के चार राज्यों के अलग-अलग शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है. ईडी की टीमों ने कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली. यह पूरा एक्शन मनी लॉन्ड्रिंग यानी पैसे के अवैध हेरफेर से जुड़ा है.
सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने पंजाब के लुधियाना और जालंधर, उत्तर प्रदेश के बरेली, साथ ही दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में कुल 6 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन किया है. जिन जगहों पर छापेमारी की है, उनमें घर और कारोबारी दफ्तर दोनों शामिल हैं. ये ठिकाने उन लोगों और संस्थाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनका नाम हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड मामले की जांच में सामने आया है.
किस मामले में हो रही जांच?
यह पूरा एक्शन मनी लॉन्ड्रिंग यानी पैसे के अवैध हेरफेर से जुड़े मामले की जांच के तहत हुआ. ईडी ने इस केस में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कार्रवाई की है. एजेंसी ने पहले की पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर यह कदम उठाया. इस छापेमारी का मुख्य मकसद अहम दस्तावेजों के साथ कई डिजिटल सबूत जुटाना था.
पहले हो चुकी है संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी
इस मामले में ED पहले ही AAP नेता संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है. जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में कई वित्तीय लेनदेन और कारोबारी कड़ियों की पड़ताल की जा रही है. इसी सिलसिले में अब फॉलो-अप सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि पहले मिले सुरागों को और मजबूत किया जा सके.
जांच टीम का पूरा फोकस यह समझने पर था कि इस खेल में किन-किन लोगों की भूमिका रही. इसके अलावा, कथित पैसों के लेन-देन का नेटवर्क कितना बड़ा फैला था, इसकी कड़ियां भी जोड़ी गईं. कई ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद आने वाले समय में इस केस से जुड़े कुछ बड़े खुलासे हो सकते हैं.
मुनीष पांडे