पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाकिस्तान ने इलाके में तीन हफ्तों से खाने और दवाइयों की सप्लाई रोक रखी है. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने भारत से मदद की अपील की है. वहीं, हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को मंडी-चंडीगढ़ सीधी हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया. इन खबरों के अलावा, PM मोदी सोमवार को जकार्ता पहुंचे जहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
'हमारी मदद करो इंडिया', PoK में प्रदर्शनकारियों की गुहार, बोले- PAK ने रोकी खाने की सप्लाई
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जारी विरोध प्रदर्शन तेज़ हो गया है. इसी बीच प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाकिस्तान ने पिछले तीन हफ्तों से इलाके में खाने और दवाइयों की सप्लाई रोक दी है, जिससे गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है. उन्होंने पहली बार सीधे भारत और लाइन ऑफ कंट्रोल के इस पार रहने वाले लोगों से मदद की अपील की है.
राम मंदिर विवाद: BJP पर बरसे अखिलेश, बोले- भक्तों की आस्था से हो रहा खिलवाड़
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में लोगों की धार्मिक आस्था और भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि BJP के भीतर सत्ता और नियंत्रण की लड़ाई चल रही है. लोगों की आस्था को नजरअंदाज किया जा रहा है.
TMC पर हक की जंग तेज, चुनाव आयोग से बोला ममता गुट- बागियों का दावा पूरी तरह फर्जी
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC के मूल गुट ने सोमवार को बागी गुट के दावों पर चुनाव आयोग के सामने अपना जवाब सौंप दिया है. टीएमसी ने पार्टी पर अधिकार जताने वाले बागी गुट के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. TMC ने कहा कि ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की संगठनात्मक समितियां पार्टी के संविधान के तहत साल 2027 तक पूरी तरह वैध हैं.
केजरीवाल के सरकारी आवास पर बड़ा फैसला, BJP की रेखा सरकार 'शीशमहल' को कल्चरल सेंटर में करेगी तब्दील
दिल्ली सरकार सिविल लाइंस स्थित 6-फ्लैगस्टाफ रोड पर मौजूद पूर्व CM अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास को स्टेट गेस्ट हाउस और अत्याधुनिक कल्चरल सेंटर के रूप में विकसित करेगी. यहां सरकारी मेहमानों के लिए स्थायी सुविधा का इंतजाम किया जाएगा. इसे लेकर सरकार ने पूरा प्लान तैयार किया है.
मुंबई में भारी बारिश का कहर: डूबे रेलवे ट्रैक, 20 से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनें फंसीं, कई रद्द
मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण वेस्टर्न रेलवे की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं. रेलवे ट्रैक पानी में डूबने की वजह से मुंबई और दक्षिण गुजरात के कई स्टेशनों पर 20 से ज़्यादा लंबी दूरी की ट्रेनें फंस गईं. इस दौरान 40 से ज्यादा ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिन्हें रद्द, डायवर्ट या रीशेड्यूल करना पड़ा.
Weather Forecast: झारखंड-ओडिशा में डिप्रेशन एक्टिव, क्या बरपाएगा कहर? बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तरी आंतरिक ओडिशा के ऊपर एक डिप्रेशन बन गया है. इसके असर से बंगाल में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई है. मौसम विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि 7 से 9 जुलाई तक उत्तर बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
PM मोदी पहुंचे इंडोनेशिया, फाइटर जेट्स ने आसमान में किया स्वागत
PM मोदी सोमवार को जकार्ता पहुंचे जहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया. पीएम मोदी के विमान ने जैसे ही इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया, तब इंडोनेशियाई वायुसेना के फाइटर जेट्स ने उन्हें एस्कॉर्ट किया. दोनों नेता जल्द ही द्विपक्षीय वार्ता करेंगे जिसमें रक्षा, व्यापार समेत कई मुद्दे शामिल होंगे.
अब 30 मिनट में मंडी से चंडीगढ़, ₹3500 में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को मंडी-चंडीगढ़ सीधी हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया. अब महज 3500 रुपये खर्च कर मंडी से चंडीगढ़ की दूरी केवल 30 मिनट में तय की जा सकेगी. हालांकि पहले दिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, लेकिन मौसम अनुकूल रहने पर यह सेवा नियमित रूप से संचालित होगी.
NEET यूजी की रिफंड प्रक्रिया शुरू, 7 जुलाई तक कर सकते हैं बैंक डिटेल अपडेट
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि नीट यूजी के योग्य उम्मीदवारों के लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिन उम्मीदवारों ने पोर्टल पर सही बैंक अकाउंट डिटेल भरी है, उनके बैंक खातों में रिफंड की राशि भेजी जा रही है. जिन छात्रों की बैंक डिटेल में गड़बड़ी है. वह 7 जुलाई तक सुधार कर सकते हैं.
Youtuber रावण 6 दिन में पांचवीं बार गिरफ्तार, पवन कल्याण पर टिप्पणी के बाद UAPA में केस दर्ज
आंध्र प्रदेश में यूट्यूबर रावण को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया गया है. 30 जून से अब तक यह उनकी पांचवीं गिरफ्तारी है. इस बार उनके खिलाफ UAPA की धारा 13 और 39 के तहत केस दर्ज हुआ है. अधिकांश केस पवन कल्याण पर कथित विवादित टिप्पणियों से जुड़े हैं. YSRCP ने सरकार को घेरते हुए सुगाली प्रीति मामले का हवाला दिया और कार्रवाई पर सवाल उठाए.
aajtak.in