हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए तेज और सुविधाजनक हवाई यात्रा का एक नया विकल्प शुरू हो गया है. अब महज 3500 रुपये खर्च कर मंडी से चंडीगढ़ की दूरी केवल 30 मिनट में तय की जा सकेगी. प्रदेश सरकार ने सोमवार को मंडी-चंडीगढ़ सीधी हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम के जरिए इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया. मंडी में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त अपूर्व देवगन, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
हालांकि पहले दिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, लेकिन मौसम अनुकूल रहने पर यह सेवा नियमित रूप से संचालित होगी. प्रशासन के अनुसार, रोजाना दो उड़ानें संचालित की जाएंगी.
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी से चंडीगढ़ तक का किराया 3500 रुपये निर्धारित किया गया है. हेलिकॉप्टर में एक बार में छह यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी. उन्होंने कहा कि यह सेवा खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जिन्हें कम समय में चंडीगढ़ पहुंचना होता है. इससे आम यात्रियों के साथ-साथ व्यवसायियों, मरीजों और पर्यटकों को भी काफी सुविधा मिलेगी.
वहीं, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पहले चरण में सभी जिला मुख्यालयों को हेलिकॉप्टर सेवा से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है और कई जिले पहले ही इस सुविधा से जुड़ चुके हैं. उन्होंने बताया कि अगले चरण में इस सेवा का विस्तार उपमंडल स्तर तक किया जाएगा.
पवन ठाकुर ने कहा कि मंडी से शुरू हुई यह हेलिकॉप्टर सेवा भविष्य में क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी. इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प भी मिलेगा.
प्रदेश सरकार का मानना है कि इस पहल से हिमाचल के दूर-दराज़ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और राज्य में पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी.
सनी धर्मवीर