Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 18 जुलाई 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

दिल्ली में अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके बाद अब अन्ना हजारे भी उनके समर्थन में आ गए हैं. खेल के मैदान से लेकर यूपी की सियासत तक, आज कई बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं

Advertisement
हर्ष दुबे ने भारतीय टीम के लिए अब 2 मुकाबले खेले हैं. (Photo: PTI) हर्ष दुबे ने भारतीय टीम के लिए अब 2 मुकाबले खेले हैं. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:29 PM IST

क्रिकेट के मैदान से लेकर सियासत और कुदरत के मिजाज तक, शनिवार का दिन बड़ी हलचलों के नाम रहा. एक तरफ लॉर्ड्स में होने वाले महामुकाबले के लिए भारतीय टीम में हर्ष दुबे की एंट्री हुई है, तो दूसरी तरफ दिल्ली में अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके समर्थन में अन्ना हजारे भी उतर आए हैं. इस बीच, चिराग पासवान ने यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान कर दिया है. उधर, अमित शाह ने सिलीगुड़ी पहुंचकर सीमा सुरक्षा का जायजा लिया, जबकि हिमाचल में मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर लोगों को सावधान रहने को कहा है. दुखद खबर बेंगलुरु से आई, जहां पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया. पढ़ें शनिवार शाम की बड़ी खबरें.

Advertisement

IND vs ENG: लॉर्ड्स ODI के लिए भारतीय टीम में बड़ा फेरबदल... इस ऑलराउंडर की एंट्री

भारत और इंग्लैंड के बीच 19 जुलाई को लॉर्ड्स में वनडे सीरीज का तीसरा एवं निर्णायक मुकाबला खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है. ऐसे में जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वो सीरीज अपने नाम कर लेगी.

'उनके सब्र की परीक्षा न ले सरकार', सोनम वांगचुक के समर्थन में आए अन्ना हजारे, कर दी ये मांग

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर सरकार से जल्द बातचीत करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वांगचुक पिछले 20 दिनों से अनशन पर हैं, इसलिए सरकार को उनके सब्र का इम्तिहान नहीं लेना चाहिए. अन्ना हजारे का कहना है कि सरकार उनकी मांगें माने या न माने, लेकिन बातचीत जरूर होनी चाहिए.

Advertisement

यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी LJP, चिराग पासवान ने किया ऐलान

बिहार के हाजीपुर में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पंजाब में भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है.

भारत-बांग्लादेश सीमा से 'चिकन नेक' तक, अमित शाह ने लिया सुरक्षा इंतजामों का जायजा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे के दौरान शनिवार को सिलीगुड़ी पहुंचे. उन्होंने यहां राज्य सरकार के साथ अहम बैठक की. उनकी यह बैठक सिक्योरिटी, बॉर्डर मैनेजमेंट से जुड़े कई मुद्दों पर केंद्रित थी. बैठक में भारत-बांग्लादेश सीमा पर अवैध घुसपैठ रोकने और सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने पर भी विस्तृत चर्चा हुई.

सोनम वांगचुक का इलाज कराने से इनकार, डिहाइड्रेशन और कीटोन लेवल बढ़ने से डॉक्टर अलर्ट

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह पुलिस ने धरना स्थल से ले जाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया. डॉक्टरों की सलाह के बावजूद वांगचुक ने आईवी फ्लूइड, ORS और अन्य दवाएं लेने से इनकार कर दिया है. अस्पताल प्रशासन द्वारा उन्हें इलाज शुरू कराने के लिए समझाया जा रहा है.

Advertisement

पहाड़ों पर जाने वाले सावधान! हिमाचल में 24 जुलाई तक मौसम रहेगा बेहद खराब, IMD ने कहा- घर पर ही रहें

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 18 से 22 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होने की गंभीर चेतावनी जारी की है. इसमें सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' घोषित किया गया है. IMD ने यातायात करने से बचने और नदी नालों से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की है.

पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की पत्नी का निधन, बेंगलुरु के अस्पताल में ली अंतिम सांस

पूर्व PM एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का शनिवार को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में निधन हो गया. चेन्नम्मा को सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी हालत में पहले सुधार हो रहा था और वह रिकवरी की ओर बढ़ रही थीं. हालांकि, अचानक आए कार्डियक अरेस्ट के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »