दिल्ली: पार्टी कर लौट रही महिला ने BMW से युवक को रौंदा, हुई मौत

पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक महिला ने BMW कार से शख्स को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई. घटना रविवार सुबह करीब चार बजे की है. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि महिला काफी तेजी से कार चला रही थी जिस वजह से यह हादसा हुआ.

Advertisement

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 21 मई 2023,
  • अपडेटेड 9:40 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में रविवार की सुबह करीब 4 बजे बीएमडब्ल्यू कार चला रही एक महिला ने वहां से गुजर रहे एक शख्स को कुचल दिया. गाड़ी से टक्कर लगने के बाद उस शख्स की मौत हो गई.

पुलिस ने हादसे के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज कर गाड़ी चला रही महिला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है. जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके से पार्टी करके लौट रही थी तभी स्कूटी सवार को टक्कर मार दिया.

Advertisement

हालांकि इसके बाद महिला ने घायल शख्स को खुद अस्पताल छोड़ा था लेकिन उसकी जान नहीं बची. रिपोर्ट के मुताबिक सुबह करीब 04.08 बजे मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क हादसे को लेकर पीसीआर कॉल आई थी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मोती नगर फ्लाईओवर की ओर जाने वाली सड़क पर दो वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिले.

उस दौरान वहां बीएमडब्ल्यू कार चालक और स्कूटी सवार पीड़ित वहां नजर नहीं आए. इसके बाद पुलिस को पता चला कि घायल को एबीजी अस्पताल ले जाया गया है. एबीजी अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि एक महिला घायल को एबीजी अस्पताल लेकर आई थी.

अस्पताल में पीड़ित का इलाज चल रहा था और वह बयान देने की स्थिति में नहीं था. बाद में उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान 36 साल के अजय गुप्ता के रूप में हुई है जो दिल्ली के बसई दारापुर का रहने वाला था. 

Advertisement

पूछताछ में सामने आया कि मृतक अस्पताल से दवाई लेकर घर जा रहा था जबकि महिला जीके में एक पार्टी अटेंड कर घर लौट रही थी. मृतक किराना दुकान चलाता था और महिला आर्किटेक्ट है. पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 144/23 यू/एस 279/337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

(इनपुट- लवली बख्शी)


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »