Advertisement

न्यूज़

सुनसान CP, सारी दुकानें बंद... CJP प्रोटेस्ट के बीच दिखा आदेश का असर

aajtak.in
  • नई दिल्ली,
  • 23 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:06 PM IST
  • 1/7

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन और कनॉट प्लेस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे दिन चर्चाओं का दौर जारी रहा. इस बीच न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक एडवाइजरी जारी कर कनॉट प्लेस स्थित दुकानों, दफ्तरों और रेस्तरां संचालकों से अपील की कि वे 23 जुलाई को शाम 6:30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद कर दें. एसोसिएशन ने बताया कि यह सलाह नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह के आधार पर जारी की गई है. (Photo- PTI)

  • 2/7

इस एडवाइजरी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गईं. कुछ विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाया कि यह अपील केवल एक दिन के लिए ही क्यों जारी की गई और क्या सरकार जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को हटाने के लिए कोई बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है. सोशल मीडिया पर भी ऐसे दावे और आशंकाएं तेजी से साझा की गईं. गुरुवार रात करीब 8:50 बजे तक उपलब्ध स्थिति के अनुसार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण बना रहा. वहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे, लेकिन किसी तरह की हिंसा, झड़प या पुलिस कार्रवाई की सूचना सामने नहीं आई. दिल्ली पुलिस ने भी ऐसी किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की. (Photo- PTI)
 

  • 3/7

मौजूदा हालात को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि दिनभर जिस तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं, वैसी कोई स्थिति रात तक सामने नहीं आई. हालांकि, प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी नई स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की बात कह रहा है. (Photo- PTI)

Advertisement
  • 4/7

कनॉट प्लेस में दुकानों और दफ्तरों को जल्दी बंद करने की सलाह को पिछले कुछ दिनों में हुई हिंसक घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. बीते तीन दिनों के दौरान कनॉट प्लेस इलाके में कई बार तनाव और उपद्रव की घटनाएं सामने आई हैं. दिल्ली पुलिस का दावा है कि इन घटनाओं के दौरान कुछ स्थानों पर पथराव हुआ और कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा. (Photo- PTI)

  • 5/7

ट्रेडर्स एसोसिएशन ने एहतियात के तौर पर कारोबारियों को समय से पहले प्रतिष्ठान बंद करने की सलाह दी. इसका उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना बताया गया. दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:15 बजे सूचना मिली थी कि कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में बड़ी संख्या में लोग जमा होकर हंगामा कर रहे हैं. पुलिस के मुताबिक सबसे अधिक तनाव पार्क होटल के बाहर देखा गया, जहां कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की ओर पानी की बोतलें फेंकीं. (Photo-PTI)

  • 6/7

पुलिस का कहना है कि जब जवानों ने भीड़ को शांत करने और वहां से हटने की अपील की तो कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने सार्वजनिक घोषणा के माध्यम से लोगों से हिंसा रोकने और क्षेत्र खाली करने की अपील की, लेकिन हालात सामान्य नहीं हुए. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. धक्का-मुक्की और मारपीट में कुछ पुलिसकर्मी जमीन पर गिर पड़े. इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं. (Photo-PTI)

Advertisement
  • 7/7

पुलिस का दावा है कि जिन लोगों पर हमला करने का आरोप है, उनमें से अधिकांश ने अपने चेहरे कपड़े या मास्क से ढके हुए थे. इसी आधार पर पुलिस यह आशंका जता रही है कि प्रदर्शन की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है और पुलिस ने किसी संगठन या समूह की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है.
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है. जंतर-मंतर पर स्थिति नियंत्रण में है, जबकि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.

(Photo- PTI)

Advertisement

लेटेस्ट फोटो

Advertisement