पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है. इस चार्जशीट में पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. पुलिस के अनुसार, 18 जून की सुबह जब लोहगढ़ की पहाड़ी से केतन को धक्का दिया गया, तब वहां एक चश्मदीद गवाह भी मौजूद था. इस चश्मदीद ने पूरी वारदात को अपनी आंखों से देखा था. आरोपी चेतन ने गवाह को मुंह बंद रखने की धमकी भी दी थी, जिसके कारण वह कुछ दिनों तक डरा रहा. बाद में हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस से संपर्क किया और बयान दर्ज कराया. पुलिस ने इस मामले में लगभग 5,053 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है, जिसमें कई डिजिटल और फिजिकल सबूत शामिल किए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से डिलीट किए गए डेटा को भी रिकवर किया है. केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भी इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है. उनका आरोप है कि इस साजिश में सिया का परिवार भी शामिल था.