महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाड औद्योगिक क्षेत्र (एमआईडीसी) में स्थित एक कंपनी में अचानक जोरदार धमाका हुआ है. इस धमाके की तीव्रता इतनी भयानक थी कि इसके झटके घटना स्थल से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी तक महसूस किए गए. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे. मिली जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा कंपनी के अंदर रिएक्टर का पाइप फटने की वजह से हुआ है. पाइप फटने के तुरंत बाद वहां एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.