मुंबई के टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने 2 अगस्त 2026 को होने वाला अपना 86वां दीक्षांत समारोह (कॉन्वोकेशन) अंतिम समय में स्थगित कर दिया है. संस्थान ने देर रात छात्रों को ईमेल भेजकर इसकी जानकारी दी.
ईमेल में कार्यक्रम टालने की वजह सिर्फ 'अप्रत्याशित परिस्थितियां' बताई गई है. बता दें, इस समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे.
कार्यक्रम स्थगित होने के बाद दावा किया गया कि CJP और कुछ छात्र संगठनों के विरोध की संभावना व सुरक्षा कारणों की वजह से यह फैसला लिया गया. हालांकि, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने अपने आधिकारिक बयान या छात्रों को भेजे गए ईमेल में इसका कोई उल्लेख नहीं किया है. संस्थान ने केवल अप्रत्याशित परिस्थितियों का हवाला दिया है.
यह भी पढ़ें: एक कॉल... पूछा PPO नंबर और रेलवे के रिटायर्ड कर्मी को लगी 7 लाख की चपत
अचानक कार्यक्रम रद्द होने से कई छात्र नाराज हैं. कई छात्र और उनके परिवार पहले ही यात्रा और ठहरने की व्यवस्था कर चुके थे. छात्रों ने संस्थान से जल्द नई तारीख घोषित करने और हुए खर्च को लेकर उचित फैसला लेने की मांग की है.
TISS की ओर से भेजे गए मेल में कहा गया है कि हमें आपको यह बताते हुए खेद है कि कुछ अप्रत्याशित कारणों से, TISS का 86वां दीक्षांत समारोह (जो 2 अगस्त 2026 को होना था) स्थगित कर दिया गया है.
हम ग्रेजुएट होने वाले छात्रों, उनके परिवारों, फैकल्टी और स्टाफ के लिए इस मौके के महत्व को समझते हैं. इस स्थिति से निपटने के दौरान आपकी समझदारी और धैर्य के लिए हम आपके आभारी हैं. हम जल्द ही नई तारीख और आगे की जानकारी शेयर करेंगे. इससे होने वाली किसी भी असुविधा के लिए हम माफी चाहते हैं और आपके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं.
दीपेश त्रिपाठी