पुणे पोर्श कार एक्सीडेंट केस में पुलिस ने नाबालिग आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल की जमानत रद्द कराने के लिए कोर्ट से अपील की है. पुलिस ने शिवाजीनगर सेशन कोर्ट में याचिका देते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है.
पुलिस की ओर से कोर्ट में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर शिशिर हिरे पेश हुए. पुलिस की इस अपील पर 23 जून को सुनवाई हो सकती है. पुलिस की ओर से यह अपील वायरल वीडियो के बाद दायर की गई है, जिसमें विशाल अग्रवाल परिवार के साथ जमानत मिलने का जश्न मनाते दिखा था. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली थी.
पुलिस के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने मार्च में विशाल अग्रवाल को सशर्त जमानत दी थी. पुलिस की दलील है कि जमानत के जश्न का ये वीडियो कोर्ट की शर्तों का उल्लंघन है. पुलिस ने यह भी कहा है कि गवाह भी प्रभावित हो सकते हैं. स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर शिशिर हिरे ने कहा कि जमानत मिलने के बाद इस तरह का जश्न हल्के में नहीं लिया जा सकता.
उन्होंने कहा कि इससे गवाहों पर दबाव पड़ने की संभावना है और हम कोर्ट के सामने जमानत की शर्तों को तोड़े जाने की बात मजबूती से रखेंगे. कोर्ट ने पुलिस की अपील पर नाबालिग आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है.
परिवार ने वीडियो को बताया पुराना
वायरल वीडियो में विशाल अग्रवाल अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक रेस्टोरेंट में डांस करते नजर आ रहे थे. वीडियो वीडियो के बैकग्राउंड में लाइव म्यूजिक भी सुनाई दे रहा था.
हालांकि, अग्रवाल परिवार ने इस वीडियो को लेकर सफाई दी है. परिवार का कहना है कि ये वीडियो साल 2023 का है और इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.
विशाल अग्रवाल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह वीडियो गोवा में हुई उनकी 25वीं शादी की सालगिरह के कार्यक्रम का है. इसमें वे अपनी पत्नी शिवानी और कुछ करीबी दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं.
पोर्श हादसे में दो IT प्रोफेशनल्स की हुई थी मौत
पुणे के कल्याणी नगर इलाके में 19 मई 2024 को एक पोर्श कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में दो IT प्रोफेशनल्स की मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, कार चला रहा नाबालिग आरोपी कथित तौर पर नशे में था. उस पर ये भी आरोप है कि उसे बचाने के लिए उसके खून के सैंपल बदलने की कोशिश की गई थी.
विशाल अग्रवाल उन 10 आरोपियों में से एक हैं, जिन पर नाबालिग आरोपी और उसके दो दोस्तों के ब्लड सैंपल बदलने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि ससून जनरल हॉस्पिटल के डॉक्टरों की मदद से नाबालिग के ब्लड सैंपल की जगह उसकी मां के सैंपल बदल दिए गए थे.
aajtak.in