महाराष्ट्र के नागपुर में ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पुराने अफेयर को खूनी साजिश में बदल दिया. यहां शादीशुदा प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की चाकू से हत्या कर दी. युवक होली मनाने के लिए पुणे से अपने गांव लौटा था, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिस मुलाकात के लिए वह जा रहा है, वही उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात साबित होगी.
कॉलेज से शुरू हुई कहानी
मामला नागपुर के खापरखेड़ा इलाके का है. पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान सागर वानखेड़े के रूप में हुई है. सागर पुणे में नौकरी करता था और होली का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव आया हुआ था. सागर और सोनाली गजभिये की कहानी कॉलेज के दिनों में शुरू हुई थी.
पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. उस समय दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते और साथ वक्त बिताते थे.
लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदल गईं. सोनाली की शादी राजू गजभिये नाम के युवक से हो गई. शादी के बाद सोनाली अपने पति के साथ रहने लगी और उनके दो बच्चे भी हुए. हालांकि शादी के बाद भी सागर और सोनाली के बीच संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत जारी रही.
महिला के पति को हुआ शक
समय के साथ सोनाली के पति राजू गजभिये को इस रिश्ते की भनक लग गई. इस बात को लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ. बताया जाता है कि राजू ने इस मामले में पहले खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई थी. हालांकि इसके बावजूद सागर और सोनाली के बीच बातचीत का सिलसिला बंद नहीं हुआ.
यह भी पढ़ें: 4 साल का अफेयर, विवाद और गोली... होली पर मिलने आई प्रेमिका, साथ में आए भाई ने प्रेमी की कर दी हत्या
इसी बीच होली का त्योहार आया और सागर पुणे से अपने गांव सावंगी लौट आया. त्योहार के दौरान उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सोनाली को मैसेज किया और उससे मिलने की इच्छा जताई. पुलिस के अनुसार, सोनाली ने भी उससे मिलने के लिए हामी भर दी.
गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सागर खापरखेड़ा पहुंचा. वहां सोनाली उससे मिली और सागर की बाइक पर बैठकर दोनों वहां से निकल गए. लेकिन सागर को शायद यह अंदाजा नहीं था कि जिस मुलाकात को वह सामान्य समझ रहा है, उसके पीछे एक खौफनाक साजिश छिपी हुई है.
रास्ते में रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनाली अपने साथ पहले से ही एक चाकू लेकर आई थी. उधर उसका पति राजू गजभिये भी बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दोनों के पीछे-पीछे निकल पड़ा था. जब सागर और सोनाली बाइक से खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर पहुंचे और कोलार नदी के पुल को पार किया, तभी सोनाली ने योजना के तहत अपना पर्स जानबूझकर सड़क पर गिरा दिया. जैसे ही सागर ने बाइक रोकी और नीचे उतरकर पर्स उठाने की कोशिश की, उसी पल पूरी साजिश सामने आ गई.
अचानक कर दिए चाकू के वार
पुलिस के मुताबिक, सागर के झुकते ही सोनाली ने तुरंत चाकू निकाला और उस पर दो वार कर दिए. अचानक हुए इस हमले से सागर संभल भी नहीं पाया था कि तभी वहां राजू गजभिये भी पहुंच गया. इसके बाद राजू ने भी सागर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए. कुछ ही पलों में सागर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. लगातार हुए हमलों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई.
हत्या के बाद घर लौटे आरोपी
हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से निकल गए और अपने घर लौट गए. बताया जाता है कि बाद में दोनों पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर करने की तैयारी में थे. लेकिन इससे पहले ही पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई और कोराडी पुलिस स्टेशन की डीबी टीम ने रास्ते में ही पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया.
यह भी पढ़ें: 'मुझे बस उससे छुटकारा मिल जाए, चाहे जो सजा दे दो...' सास-दामाद के 10 महीने की लव स्टोरी का दर्द राहुल से सुनिए
पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने मृतक सागर वानखेडे के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर सरकारी अस्पताल भेज दिया है. मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश की योजना कब और कैसे बनाई गई थी.
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद खापरखेड़ा और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई. लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. एक समय कॉलेज की दोस्ती और प्यार से शुरू हुई यह कहानी आखिरकार खून-खराबे पर खत्म हुई. जिस मुलाकात के लिए सागर पुणे से अपने गांव आया था, वही मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात बन गई.
योगेश पांडे