मुंबई के गोरेगांव इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक 48 साल के शख्स ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. यह पूरी घटना आरोपी की पत्नी के सामने हुई. पुलिस ने आरोपी को घटना के करीब तीन घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार को आरे इलाके में हुई. आरोपी की पहचान भीमराज ओमप्रकाश शर्मा के रूप में हुई है. मृतक का नाम विकास अशोक भुसारे बताया गया है.
आरे पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार भीमराज शर्मा को शक था कि विकास भुसारे का उसकी पत्नी के साथ संबंध है. इसी को लेकर उसने विकास को अपने घर बुलाया था. घर में आरोपी, उसकी पत्नी और विकास ने साथ बैठकर शराब पी. पुलिस ने बताया कि शराब पीने के दौरान भीमराज ने विकास को चेतावनी दी कि वह उसकी पत्नी से दोबारा मुलाकात न करे. हालांकि कुछ ही देर बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू निकालकर विकास का गला रेत दिया.
हत्या के बाद जंगल में भागा आरोपी
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना आरोपी की पत्नी के सामने हुई. हमले के बाद विकास गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग निकला और आसपास के जंगल की तरफ चला गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में तलाश अभियान शुरू किया. करीब तीन घंटे की तलाश और पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया.
पुलिस ने तीन घंटे में पकड़ लिया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतक विकास भुसारे पर पहले भी आरोपी की पत्नी को परेशान करने के आरोप लगे थे. इसके बावजूद वह महिला से लगातार मिलता रहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे और क्या कारण रहे.
aajtak.in