राहुल की न्याय यात्रा से पहले मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस छोड़ी, कहा- खत्म कर रहा हूं 55 साल का पारिवारिक रिश्ता

Milind Deora Quits Congress: मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है. पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि मिलिंद कांग्रेस छोड़कर एकनाथ के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं.

Advertisement
मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया. मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया.

सौरभ वक्तानिया

  • मुंबई,
  • 14 जनवरी 2024,
  • अपडेटेड 9:57 AM IST

महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता भी त्याग दी है. वो एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में आज ही शामिल होंगे. पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि मिलिंद कांग्रेस छोड़कर एकनाथ के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. हालांकि एक दिन पहले ही उन्होंने ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया था.  

Advertisement

मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया 'X' पर बताया कि मेरी राजनीतिक यात्रा के महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हो गया है. मैंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने लिखा, "पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हुआ. मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, साथियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं." 

मिलिंद देवड़ा आज मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर दोपहर 1.30 बजे पहुंचेंगे. उसके बाद सीएम शिंदे की मौजूदगी में ही पार्टी में शामिल होंगे. मिलिंद देवड़ा के अलावा 10 पूर्व पार्षद, 20 पदाधिकारी, 15 ट्रेड एसोसिएशन और 450 कार्यकर्ता शिंदे की शिवसेना में शामिल होंगे.  

इससे पहले शनिवार को मिलिंद ने कांग्रेस छोड़ने की खबरों का खंडन कर दिया था. उन्होंने एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में शामिल होने की खबरों को अफवाह बताया था.  हाल ही में जब कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान हुआ था, तब मल्लिकार्जुन खड़गे ने मिलिंद देवड़ा को संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन इसके 20 दिन बाद ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी को छोड़ने का फैसला लिया है. 

Advertisement

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दी प्रतिक्रिया

मिलिंद के कांग्रेस छोड़ने पर जयराम रमेश ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, "मैं मुरली देवड़ा (मिलिंद के पिता) के साथ अपने लंबे वर्षों के जुड़ाव को बड़े चाव से याद करता हूं. सभी राजनीतिक दलों में उनके करीबी दोस्त थे, लेकिन वह एक कट्टर कांग्रेसी थे, जो हर मुश्किल परिस्थिति में हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े रहे." 

मिलिंद ने कांग्रेस क्यों छोड़ी?

मिलिंद के कांग्रेस छोड़ने की वजह इंडिया गठबंधन भी बताया जा रहा है. दरअसल मिलिंद मुंबई साउथ की सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं, उस सीट पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने चुनाव लड़ने का दावा किया था. इसलिए मिलिंद चुनाव नहीं लड़ पाते तो उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है. हालांकि बीते दो लोकसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था.

बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना 

मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस से इस्तीफे पर बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है. बीजेपी आईटी सेल चीफ अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी को न्याय यात्रा बाद में निकालनी चाहिए, पहले उन्हें अपनी पार्टी नेताओं के साथ न्याय करना चाहिए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »