पिता की गुमशुदगी की बेटे ने की शिकायत, पुलिस जांच में निकला कातिल

महाराष्ट्र के बुलढाणा में पिता की गुमशुदगी की शिकायत करने वाला बेटा ही हत्यारा निकला. आरोपी ने शराब को लेकर विवाद में पिता समाधान की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. बाद में शव को खेत में जलाकर ठिकाने लगा दिया. पुलिस जांच और पूछताछ में आरोपी ने हत्या कबूल कर ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
शराब पीने से रोका तो बेटे ने ले ली पिता की जान.(Photo: Zaka B.Khan/ITG) शराब पीने से रोका तो बेटे ने ले ली पिता की जान.(Photo: Zaka B.Khan/ITG)

ज़का खान

  • बुलढाणा,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:05 PM IST

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अपने पिता की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने वाला बेटा ही पिता का हत्यारा निकला. बुलढाणा ग्रामीण पुलिस की जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ है. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है.

बुलढाणा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में 21 वर्षीय अनिकेत समाधान घायवट ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके पिता पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे हैं. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस लगातार मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: बुलढाणा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पथराव, हिरासत में लिए गए 12 लोग

करीब 8 से 10 दिनों की जांच के बाद पुलिस को शिकायतकर्ता बेटे पर ही शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने उससे कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपने पिता की हत्या करने की बात कबूल कर ली.

शराब को लेकर हुआ था विवाद

जिले के हतेडि खुर्द गांव में रहने वाले आरोपी पुत्र ने पुलिस को बताया कि उसकी मां शादी के कार्यक्रम में गांव से बाहर गई हुई थी. इसी दौरान उसके पिता शराब पीने की जिद कर रहे थे, जबकि वह उन्हें शराब पीने से रोक रहा था.

पिता-पुत्र के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. आरोपी बेटे ने गुस्से में अपने 44 वर्षीय पिता समाधान के गुप्तांग पर लात मारी और उनकी पिटाई शुरू कर दी. मारपीट के दौरान ही समाधान की मौके पर मौत हो गई.

Advertisement

हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने खेत में रखी लकड़ियों के नीचे रखा और उसमें आग लगाकर शव को जला दिया. इसके बाद उसने सबूत मिटाने की कोशिश की.

गुमशुदगी की शिकायत देकर पुलिस को गुमराह किया

शव जलाकर ठिकाने लगाने के दो दिन बाद आरोपी पुत्र खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और पिता की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. उसने पुलिस को बताया था कि उसके पिता अपने दोस्त के साथ बाहर घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे.

पुलिस अधिकारी गजानन कांबले ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सीडीआर और रिश्तेदारों से पूछताछ की गई. जांच में बेटे पर शक गहराने के बाद उसकी मां के सामने उससे सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली.

पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच के लिए उसका पीसीआर लिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »