झारखंड में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 3 की मौत

हजारीबाग में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक बेकाबू ट्रक ने बस समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुआवजे और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर दिया. पुलिस के आश्वासन के बाद यातायात बहाल कराया गया.

Advertisement
सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत (Photo:  Representational) सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत (Photo: Representational)

aajtak.in

  • हजारीबाग,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:07 PM IST

झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रांची-हजारीबाग मार्ग स्थित चरही चौक के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कई वाहनों को टक्कर मार दी.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों से जा टकराया. इस दौरान ट्रक ने एक बस समेत तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

Advertisement

बेकाबू ट्रक ने बस समेत तीन वाहनों को मारी टक्कर

चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि हादसे में घायल हुए सात लोग बस में सवार यात्री थे. सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर दी. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

गुस्साए लोगों ने एनएच-33 पर पांच घंटे तक लगाया जाम

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. विष्णुगढ़ एसडीपीओ बीएन प्रसाद ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया.

Advertisement

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया. वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रक चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार इस दुर्घटना की वजह बनी या नहीं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement