ठेले पर गोलगप्पे खाने से 6 साल के मासूम की मौत, 36 से अधिक लोगों की हालत गंभीर

झारखंड के गिरिडीह में गोलगप्पे खाने के बाद तीन दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं. इलाज के दौरान 6 साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि अन्य मरीज अस्पताल में भर्ती हैं. प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement
ठेले पर गोलगप्पे खाने से 6 साल के मासूम की मौत (Photo: itg) ठेले पर गोलगप्पे खाने से 6 साल के मासूम की मौत (Photo: itg)

सत्यजीत कुमार

  • रांची ,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:49 AM IST

झारखंड में गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में शनिवार शाम गोलगप्पे खाने से तीन दर्जन यानी 36 से अधिक लोग बीमार हो गए. इनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों की है. सभी को तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी. आनन-फानन में बीमार लोगों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 6 साल के बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान बजटो निवासी रंजन कुमार के रूप में हुई है. 

Advertisement

36 से अधिक लोग बीमार, एक बच्चे की मौत

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है. बीमार पड़े लोगों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं. जिन बच्चों और महिलाओं को अस्पताल लाया गया, उनमें 12 वर्षीय दिवाकर कुमार, 12 वर्षीय शिवम कुमार, 10 वर्षीय अनुराधा कुमारी, 10 वर्षीय मनीता कुमारी, 11 वर्षीय रिया कुमारी, 12 वर्षीय प्रिंस कुमार, 8 वर्षीय रानी कुमारी, 5 वर्षीय रंजन कुमार, 16 वर्षीय सुजीत कुमार वर्मा, 10 वर्षीय बादल कुमार, 17 वर्षीय मधु वर्मा, रेखा देवी, रिंकी देवी, बलराम प्रसाद वर्मा समेत अन्य शामिल हैं. 

गांव में आया था ठेले वाला

गांव वालों के अनुसार इन लोगों ने गोलगप्पे खाए थे, जिनमें से कई की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीड़ितों ने बताया कि शनिवार शाम एक ठेलेवाला गोलगप्पे लेकर गांव में घूम-घूमकर बेच रहा था. बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों ने इसे खाया था. रात में कुछ लोगों को हल्की परेशानी महसूस हुई, लेकिन रविवार सुबह होते ही बुखार और पेट दर्द ने गंभीर रूप ले लिया. धीरे-धीरे जिन-जिन लोगों ने गोलगप्पे खाए थे, सभी को तकलीफ होने लगी. 

Advertisement

हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने सभी को एक-एक कर सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 6 साल के रंजन कुमार की मौत हो गई. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातम का माहौल है. बाकी सभी मरीजों को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है.

गोलगप्पे से ही हुई फूड प्वाइजनिंग

घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विसपुते, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सदर बीडीओ गणेश रजक, सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मरीजों से बातचीत की, इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए.

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि यह मामला फूड प्वाइजनिंग का है. ठेला लगाने वाले व्यक्ति के बारे में बताया जा रहा है कि वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पालमो का रहने वाला है. पुलिस उसकी तलाश में भी जुट गई है .सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह ने बताया कि अस्पताल में इलाज के लिए 18 लोगों को लाया गया था, जिनमें से एक बच्चे की मौत हो गई है. बाकी सभी मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement