ऑक्सीजन की कमी से एंबुलेंस में मासूम की मौत, दूसरे अस्पताल में ले जा रहा था परिवार

बोकारो जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गंभीर रूप से बीमार नौ वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल और एंबुलेंस व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद इलाके में लोगों का आक्रोश बढ़ गया और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

Advertisement
ऑक्सीजन खत्म होने से एंबुलेंस में मासूम की मौत (Photo: itg) ऑक्सीजन खत्म होने से एंबुलेंस में मासूम की मौत (Photo: itg)

सत्यजीत कुमार

  • बोकारो,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:50 PM IST

झारखंड में बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल स्थित सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी की कथित लापरवाही ने एक नौ वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली. आरोप है कि अस्पताल से चास स्थित निजी अस्पताल के लिए रेफर किए गए गंभीर रूप से बीमार बच्चे को ले जा रही एंबुलेंस में रास्ते में ऑक्सीजन समाप्त हो गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान फुसरो नगर परिषद अंतर्गत ढोरी बस्ती बड़कीटांड़ निवासी जीतेंद्र कुमार गोस्वामी के नौ वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है. घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है.

Advertisement

मृतक की मां रीना देवी ने बेरमो थाना में दिए आवेदन में बताया कि सोमवार रात अचानक अमरजीत की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद रात करीब 9 बजे उसे सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसको चास-बोकारो स्थित मुस्कान हॉस्पिटल रेफर कर दिया. रात लगभग 11:15 बजे एंबुलेंस 5 से बच्चे को चास के लिए रवाना किया गया.

  रीना देवी का आरोप है कि एंबुलेंस में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं थी. जैसे ही एंबुलेंस तुपकाडीह के पास पहुंची, ऑक्सीजन समाप्त हो गई. इसके बाद अमरजीत की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और परिजन कुछ भी करने में असहाय रहे .परिजनों के अनुसार, उनकी आंखों के सामने मासूम अमरजीत ने तड़प-तड़प कर रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने सीसीएल ढोरी के महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया. बाद में प्रशासन और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया गया.

मामले में अस्पताल प्रबंधन ने ऑक्सीजन खत्म होने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. प्रबंधन का कहना है कि एंबुलेंस में लगे सिलेंडर में पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध थी. मासूम की मौत ने स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement