जम्मू से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय एक युवती ने कथित तौर पर अपने प्रेमी द्वारा फोन कॉल का जवाब नहीं दिए जाने से नाराज होकर खुद को आग लगा ली. पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार को तवी ब्रिज इलाके के पास हुई. बताया जा रहा है कि युवती ने गुस्से में आकर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगा ली.
घटना होते ही आसपास मौजूद राहगीर तुरंत युवती की मदद के लिए दौड़े और किसी तरह आग बुझाई. इसके बाद पुलिसकर्मियों की सहायता से युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के मुताबिक युवती करीब 80 फीसदी तक झुलस गई है और फिलहाल उसका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: नेपाल एयरलाइंस ने भारत से मांगी माफी, मैप में जम्मू-कश्मीर को दिखाया था पाकिस्तान का हिस्सा
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि युवती और उसके प्रेमी के बीच संबंधों में तनाव चल रहा था. पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती पिछले दो-तीन दिनों से अपने प्रेमी से बात नहीं कर पा रही थी क्योंकि वह उसके फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा था.
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दर्ज हुआ बयान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात अस्पताल में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवती का बयान दर्ज किया गया. बयान में युवती ने कहा कि उसका मरने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन उसने गुस्से में आकर यह कदम उठा लिया.
पुलिस के अनुसार युवती ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह लगातार अपने प्रेमी से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था. इसी बात से नाराज होकर उसने आवेश में आकर खुद को आग लगा ली.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तफ्तीश कर रही है. वहीं युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है.
aajtak.in