जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दरअसल रेलवे ने जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. जल्द जम्मू और श्रीनगर के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने जा रही है.
यह ट्रेन अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बजाय सीधे जम्मू से श्रीनगर तक का सफर तय करेगी. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस नई सेवा के शुरू होने से जम्मू से श्रीनगर के बीच यात्रा का समय घटकर मात्र 5 घंटे रह जाएगा.
सड़क मार्ग की तुलना में यह न केवल तेज होगी, बल्कि सर्दियों और पीक सीजन के दौरान अधिक भरोसेमंद भी होगी. अभी तक यात्रियों को श्रीनगर जाने के लिए कटरा में ट्रेन बदलनी पड़ती थी या सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता था. अब जम्मू से सीधी ट्रेन मिलने से समय की बचत होगी और सफर आरामदायक बनेगा.
यह भी पढ़ें: वंदे भारत ट्रेन में प्लास्टिक पैकेट में गर्म खाने पर विवाद, महिला ने उठाए सवाल... IRCTC ने दिया जवाब
यह विस्तार जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार देने वाला साबित होगा. खासकर पर्यटन सीजन और भीड़भाड़ के दौरान यह रेल यात्रा सड़क मार्ग की तुलना में तेज और अधिक भरोसेमंद विकल्प साबित होगी.
बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए ट्रेन में कोचों की संख्या भी बढ़ाई गई है. पहले जहां ट्रेन 8 कोच के साथ चल रही थी, अब इसे 20 कोच के साथ संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी.
यह कदम जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने और कश्मीर घाटी तक पहुंच को और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है. कटरा–श्रीनगर सेक्शन पर पहले ही वंदे भारत एक्सप्रेस को अच्छा प्रतिसाद मिल चुका है, और अब जम्मू तक विस्तार से क्षेत्रीय संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है.
सुनील जी भट्ट